ऊना में नशे पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 208 ग्राम चरस और 1.66 ग्राम चिट्टा के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
ऊना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 208 ग्राम चरस और 1.66 ग्राम ...और पढ़ें

हिमाचल में पुलिस का बड़ा अभियान।
HighLights
ऊना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की
208 ग्राम चरस और 1.66 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ
तीन तस्करों को गिरफ्तार कर जांच जारी है
जागरण संवाददाता, ऊना। जिला ऊना में नशे पर चोट करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई पर डटी हुई है। जिले में नशे के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस ने दो अलग अलग मामलों में 208 ग्राम चरस और 1.66 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।
पुलिस ने इन मामलों में तीन व्यक्तियों को नामजद कर मादक पदार्थ निषेध अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किए हैं। पुलिस अब नशीले पदार्थों के स्रोत और तस्करी से जुड़े संपर्कों का पता लगाने में जुटी है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम विशेष जांच इकाई (एसआइयू) ऊना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर लाल सिंगी में रायजादा सर्विस स्टेशन के समीप खड़े एक व्यक्ति के बैग की तलाशी ली।
इस दौरान 208 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने धीरज कुमार निवासी बल बागडू, डाकघर मझीण, तहसील खुंडियां, जिला कांगड़ा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस बरामद चरस के स्रोत और इसके आगे तथा पीछे के संपर्कों की जांच कर रही है। वहीं, इसी दिन शाम को हरोली पुलिस ने पालकवाह में गश्त के दौरान एक मोटरसाइकिल की तलाशी ली।
1.66 ग्राम हेरोइन हुई बरामद
इसमें छिपाकर रखा गया 1.66 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ। पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक बहादुर सिंह निवासी वार्ड नंबर आठ और पीछे बैठे राजिन्द्र कुमार निवासी वार्ड नंबर दो, पालकवाह को मामले में नामजद किया है।
दोनों मामले हरोली क्षेत्र से संबंधित हैं। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की प्रतिबद्धता जताते हुए लोगों से सहयोग की अपील की है।
उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के नेटवर्क को उजागर करने के लिए जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल प्रदेश में ट्रांसफर के लिए नई व्यवस्था बना रही सरकार, कब हटेगा प्रतिबंध? हजारों आवेदन हैं पेंडिंग
