ऊना में चलेंगे K सीरीज के वाहन, मनपसंद का नंबर लेने का मौका; कितने में मिलेगा गाड़ी के लिए स्पेशल नंबर?
ऊना में वाहन मालिकों के लिए 'के सीरीज' के मनपसंद पंजीकरण नंबरों की ई-नीलामी शुरू हो गई है। त्योहारी सीजन में विशेष नंबरों की मांग बढ़ने की उम्मीद है।

ऊना में के नंबर की सीरीज शुरू होगी। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
ऊना में 'के सीरीज' के नए नंबरों की ई-नीलामी।
मनपसंद नंबर 0001 का मूल्य पांच लाख रुपये निर्धारित।
त्योहारी सीजन में विशेष नंबरों की मांग बढ़ने की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, ऊना। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में वाहन मालिकों को अपने वाहनों के लिए मनपसंद और आकर्षक पंजीकरण नंबर हासिल करने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। त्योहारी सीजन में उपमंडल प्रशासन ऊना ने के सीरीज की नई नंबर शृंखला शुरू की है। इसके तहत वाहन मालिक अपनी पसंद का नंबर लेने के लिए ई-नीलामी प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
इस शृंखला में सबसे अधिक आकर्षण 0001 नंबर को लेकर है, जिसका निर्धारित मूल्य पांच लाख रुपये रखा गया है। 0002-0010 तक 75 हजार न्यूनतम, 0011 से 0100 नंबरों का 50 हजार, इससे आगे 15 व 10 हजार शुल्क के साथ ई-नीलामी में विशेष नंबर ले सकते हैं।
मनपसंद नंबर का चलन बढ़ा
इन दिनों वाहनों के लिए मनपसंद नंबर हासिल करने का चलन बढ़ रहा है। कई वाहन मालिक अपने वाहन को अलग पहचान देने के लिए विशेष अंकों वाले नंबरों को प्राथमिकता देते हैं। ऐसे नंबरों के लिए वाहन मालिकों के बीच प्रतिस्पर्धा भी देखने को मिलती है। अब के सीरीज शुरू होने से ऊना उपमंडल में नए वाहन खरीदने पर पसंद का नंबर लेने का अवसर मिलेगा।
कितने में मिलेगा विशेष नंबर
प्रशासन ने विशेष नंबरों के लिए शुल्क 10 हजार रुपये से लेकर पांच लाख रुपये तक निर्धारित किया है। ई-नीलामी प्रणाली के माध्यम से निर्धारित नियमों के अनुसार सबसे अधिक बोली लगाने वाले आवेदक को संबंधित नंबर आवंटित किया जाएगा। हालांकि, किसी विशेष नंबर की अंतिम कीमत बोली और लागू नियमों पर निर्भर करेगी।
त्योहारी सीजन में बढ़ेगी मांग
त्योहारी मौसम में वाहन खरीदने वालों की संख्या बढ़ने के बीच नई नंबर शृंखला शुरू होने से विशेष पंजीकरण नंबरों की मांग में भी तेजी आने की संभावना है। ऐसे में वाहन मालिकों को समय रहते ई-नीलामी से संबंधित दिशानिर्देश, पंजीकरण प्रक्रिया और बोली की तिथियों की जानकारी हासिल करनी होगी।
के सीरीज के मनपसंद नंबर के लिए ई-नीलामी के माध्यम से भाग ले सकते हैं। कोई भी अपनी पंसद का वाहन नंबर ले सकता है।
-अभिषेक मित्तल, एसडीएम, ऊना।
यह भी पढ़ें: नवरात्र का शुभ मुहूर्त: एक घंटे में बिक गई 100 गाड़ियां, हिमाचल में 10000 वाहन बिकने का अनुमान; टैक्स में भी राहत
