विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऊना में भारी बारिश से सड़कों पर बहने लगे नाले, बाल-बाल बचे बाइक सवार; दौलतपुर-गगरेट सड़क पर थम गया ट्रैफिक

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Mon, 20 Jul 2026 12:36 PM (IST)Updated: Mon, 20 Jul 2026 12:48 PM (IST)

ऊना में तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ और कई सड़कों पर यातायात बाधित रहा, खासकर गगरेट-दौलतपुर मार्ग पर। हालांकि, यह बारिश किसानों के लिए लाभदायक साबित हुई।

ऊना में भारी बारिश के बाद सड़क पर बहता पानी और रुके वाहन। जागरण

ऊना में भारी बारिश के बाद सड़क पर बहता पानी और रुके वाहन। जागरण

HighLights

  1. ऊना में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, सड़कें जलमग्न, यातायात बाधित।

  2. गगरेट-दौलतपुर सड़क पर तेज बहाव से ट्रैफिक बार-बार रुका।

  3. किसानों के लिए बारिश मक्की की फसल के अंकुरण हेतु लाभदायक।

जागरण टीम, ऊना। हिमाचल प्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी है। मैदानी जिला ऊना में भी सोमवार को मानसून ने रफ्तार पकड़ ली। बीती रात से शुरू हुई बारिश सोमवार सुबह तक लगातार जारी रही, जिससे जनजीवन प्रभावित होने के साथ-साथ कई स्थानों पर यातायात भी बाधित रहा। लगातार वर्षा के कारण सड़कें पानी से लबालब नजर आईं, जबकि जिलेभर के खड्डों और काजवों में बरसाती पानी का तेज बहाव देखने को मिला। सड़क पर तेज बहाव में दोपहिया वाहन सवार बहने से बाल-बाल बच गए। रामपुर और पेखूबेला खड्डों के अलावा स्वां नदी में भी जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई। 

गगरेट-दौलतपुर सड़क पर थम गया ट्रैफिक

सबसे अधिक असर गगरेट-दौलतपुर सड़क मार्ग पर देखने को मिला, जहां तेज बारिश के कारण कई काजवों पर पानी का तेज बहाव होने से यातायात बार-बार बाधित हुआ। सुरक्षा की दृष्टि से वाहन चालकों ने पानी का स्तर कम होने तक इंतजार किया और उसके बाद ही अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। इससे कई स्थानों पर वाहनों की कतारें भी लग गईं। 

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव वाले काजवों और खड्डों को पार करने का जोखिम न उठाएं तथा मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्कता बरतें।

किसानों के लिए संजीवनी बारिश

हालांकि बारिश ने जहां आम जनजीवन की रफ्तार कुछ समय के लिए थाम दी, वहीं किसानों के लिए यह राहत लेकर आई है। जिले में अधिकांश किसानों ने मक्की की बुआई पहले ही पूरी कर ली थी और वे अच्छी वर्षा का इंतजार कर रहे थे। 

क्या कहते हैं कृषि विशेषज्ञ

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार बुआई के तुरंत बाद होने वाली बारिश फसल की अंकुरण प्रक्रिया के लिए बेहद लाभदायक मानी जाती है। ऐसे में बीती रात से शुरू हुई बारिश ने किसानों के चेहरों पर संतोष की मुस्कान लौटा दी है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में आगामी 3 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी, दो दिन बेहद संवेदनशील; 5 जिलों के लिए एडवायजरी