विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल के ऊना में सो रहे परिवार को नशीला पदार्थ सुंघाकर वारदात, ताले तोड़कर 14 लाख रुपये की चोरी

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 13 Aug 2026 12:37 PM (GMT+05:30)

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में चोरों ने एक परिवार को नशीला पदार्थ सुंघाकर 14 लाख रुपये की चोरी की ...और पढ़ें

ऊना के मंझेड़ में चोरी की वारदात हुई है। प्रतीकात्मक फोटो

ऊना के मंझेड़ में चोरी की वारदात हुई है। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. ऊना में परिवार को नशीला पदार्थ सुंघाकर चोरी।

  2. चोरों ने 14 लाख रुपये नकद और आभूषण चुराए।

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जांच में जुटी है।

संवाद सयाहेगी, बंगाणा (ऊना)। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में सनसनीखेज वारदात हुई है। थाना कलां के मंझेड़ गांव में देर रात चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर परिवार को नशीला पदार्थ सुंघाकर 14 लाख रुपये की चोरी कर दी। चोर घर से करीब 2 लाख रुपये नकद और लगभग 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। वारदात के दौरान परिवार के सदस्यों को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश किए जाने की बात सामने आई है।

ग्रिल उखाड़कर अंदर घुसे चोर

जानकारी के अनुसार विक्रम सिंह का परिवार बुधवार रात खाना खाने के बाद घर में सो गया था। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान के एक कमरे की पिछली दीवार में लगी लोहे की ग्रिल को उखाड़कर अंदर दाखिल हुए।

नशीला पदार्थ सुंघाने के बाद तोड़े ताले

आरोप है कि चोरों ने पहले परिवार के सदस्यों को नशीला पदार्थ सुंघाया, जिससे वे गहरी नींद में चले गए। इसके बाद चोरों ने कमरे में रखी अलमारी के ताले तोड़ दिए और उसमें रखा करीब 2 लाख रुपये का कैश तथा लगभग 12 लाख रुपये कीमत के सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।

सुबह होश में आए तो चला वारदात का पता

सुबह परिवार के सदस्य जब सोकर उठे तो कमरे की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। अलमारी के ताले टूटे हुए थे और उसमें रखा नकदी व आभूषण गायब थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना कलां पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

होलसेल का काम करता है परिवार

बताया जा रहा है कि विक्रम सिंह के बेटे होलसेल का कारोबार करते हैं। दिल्ली से सामान खरीदकर लाने के लिए करीब 2 लाख रुपये की नकदी घर की अलमारी में रखी गई थी। चोरी की घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में भी चिंता का माहौल है। पुलिस अब चोरों तक पहुंचने के लिए विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

क्या कहना है पुलिस का

थाना प्रभारी रोहित चौधरी का कहना है कि अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। चोरों का पता लगाने के लिए मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही अन्य संभावित सुरागों की भी जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में आफत की बरसात में 173 लोगों की मौत, सप्ताहभर कड़े तेवर दिखाएगा मौसम; आज 4 जिलों के लिए अलर्ट