विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीवाली के बाद ऊना बस अड्डे पर सीट और टिकट के लिए मारामारी, यात्रियों की भीड़ देख HRTC ने 12 स्पेशल बसें भेजीं

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Tue, 10 Nov 2026 01:59 PM (IST)Updated: Tue, 10 Nov 2026 02:29 PM (IST)

दीपावली के बाद ऊना बस अड्डे पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे सीट और टिकट के लिए मारामारी हुई। ...और पढ़ें

ऊना बस अड्डे पर मंगलवार को दीपावली के बाद काम पर वापस जाते लोगों की भीड़ जुट गई। जागरण

ऊना बस अड्डे पर मंगलवार को दीपावली के बाद काम पर वापस जाते लोगों की भीड़ जुट गई। जागरण

HighLights

  1. दीपावली के बाद ऊना बस अड्डे पर यात्रियों की भारी भीड़।

  2. सीट और टिकट के लिए यात्रियों को करनी पड़ी मशक्कत।

  3. एचआरटीसी ने यात्रियों की सुविधा के लिए 12 विशेष बसें चलाईं।

सुरेश बसन, ऊना। त्योहारी सीजन में घर-परिवार के साथ दीपावली की खुशियां मनाने के बाद अब कामकाजी लोगों की वापसी शुरू हो गई है। जिला ऊना, कांगड़ा  और हमीरपुर जिलों से बद्दी, नालागढ़, चंडीगढ़ और दिल्ली सहित अन्य औद्योगिक एवं बड़े शहरों में नौकरी करने वाले युवा और कामगार मंगलवार को बड़ी संख्या में अपने कार्यस्थलों की ओर रवाना हुए। इस कारण ऊना स्थित अंतरराज्यीय बस अड्डे पर सुबह से ही यात्रियों की भीड़ उमड़ने लगी।

सीट के लिए मशक्कत, टिकट के लिए भी मारामारी

बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों को इंतजार के साथ मशक्कत भी करनी पड़ी। टिकट काउंटरों पर भी यात्रियों की भीड़ जुट गई। टिकट के लिए भी यात्रियों में मारामारी वाले हालात दिखे। वहीं, बसों में सीट उपलब्ध न होने पर कुछ यात्रियों की कर्मचारियों के साथ बहस भी हुई।

अधिकारियों ने संभाली व्यवस्था

यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एचआरटीसी ऊना डिपो के अड्डा प्रभारियों की टीम स्वयं फील्ड में उतरकर व्यवस्थाएं संभालती नजर आई। नालागढ़, बद्दी और चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए संबंधित काउंटरों पर अधिकारियों ने सक्रियता दिखाई। 

12 स्पेशल बसें चलाईं

इस दौरान यात्रियों की समस्याओं को सुनकर उन्हें बसों में सीटें उपलब्ध करवाने के प्रयास किए गए। अधिकारियों की सक्रियता से यात्रियों को काफी राहत मिली। एचआरटीसी के ऊना और हरोली डिपो की ओर से दोपहर तक करीब 12 विशेष बसों का संचालन किया गया। 

क्या कहना है आरएम का

एचआरटीसी ऊना डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश जोशी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें चलाई गई हैं। यात्रियों की संख्या को देखते हुए शाम तक विशेष बसों के संचालन का आंकड़ा और बढ़ाया जाएगा, ताकि कामकाजी लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो।

क्या कहते हैं यात्री

यात्री यशनप्रीत, तृप्ता देवी और परमिंदर ने बताया कि उन्हें ऊना बस अड्डे पर करीब आधा-आधा घंटा बसों का इंतजार करना पड़ा। इसके बाद उन्हें चंडीगढ़, नालागढ़, बद्दी और दिल्ली जाने के लिए बसें उपलब्ध हुईं। यात्रियों ने एचआरटीसी की ओर से अतिरिक्त बसें चलाने की व्यवस्था को राहत देने वाला बताया।

निजी गाड़ियों में भी वापसी

बसों के अलावा बड़ी संख्या में अपनी निजी गाड़ियों में भी लोग वापस जा रहे हैं। ऐसे में ऊना शहर के बीच वाहनों का जाम भी लग रहा है। राहगीरों को आवागमन में मुश्किल हो रही है।

यह भी पढ़ें: HRTC दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी के लिए चलाएगा स्पेशल बसें, 11 और 15 नवंबर के लिए शेड्यूल जारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।