हिमाचल के गगरेट में भीषण सड़क हादसा, क्रेटा कार ने चार लोगों को रौंदा; UP के दो युवकों की मौत और दो घायल
गगरेट के जाड़ला कोईडी में एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार क्रेटा कार ने चार लोगों को अपनी चपेट ...और पढ़ें
-1794550129023_m.webp)
गगरेट में भीषण सड़क हादसा, दो प्रवासी युवकों की मौत और दो घायल।
HighLights
गगरेट के जाड़ला कोईडी में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ
तेज रफ्तार क्रेटा कार ने चार लोगों को टक्कर मारी
दो प्रवासी युवकों की मौके पर ही मौत, दो घायल
जागरण संवाददाता, गगरेट। गगरेट क्षेत्र के जाड़ला कोईडी में वीरवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार क्रेटा कार ने सड़क पर मौजूद चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दो प्रवासी युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक उत्तर प्रदेश के जिला हरदोई के रहने वाले थे। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
टक्कर के बाद ड्राइवर फरार
मृतकों की पहचान प्रमोद (28) पुत्र पिंटू और शक्ति कपूर (32) पुत्र सरपंच, निवासी जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में छोटे लाल (45), निवासी जिला हरदोई तथा बढ़ेड़ा राजपूतां निवासी जस्सी (40) पुत्र गिरधारी लाल घायल हुए हैं। जस्सी के पैर में चोट आई है। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए भेजे जाने की जानकारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्रेटा कार ने चारों लोगों को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस कंट्रोल रूम ऊना से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना में शामिल क्रेटा कार को पुलिस थाना अम्ब के अधिकार क्षेत्र में रोक लिया गया है। पुलिस अब हादसे के कारणों और दुर्घटना के समय कार चला रहे व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस द्वारा मृतकों के शवों तथा घायलों से संबंधित आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे की विस्तृत जांच जारी है।