विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाइक से बनाए जुगाड़ वाहन में पंजाब से हिमाचल पहुंचा परिवार हुआ हादसे का शिकार; दादी-पोते की मौत व 6 घायल

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sat, 10 Oct 2026 11:20 AM (IST)Updated: Sat, 10 Oct 2026 11:36 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश के ऊना में जुगाड़ वाहन पलटने से दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें पंजाब से पीरनिगाह दर्शन आए एक परिवार की दादी और पांच वर्षीय पोते की मौत हो गई।

ऊना में सड़क हादसे के घायल अस्पताल में उपचाराधीन। जागरण

ऊना में सड़क हादसे के घायल अस्पताल में उपचाराधीन। जागरण

HighLights

  1. ऊना में जुगाड़ वाहन पलटने से दर्दनाक हादसा।

  2. पंजाब से आए परिवार की दादी-पोते की मौत।

  3. हादसे में छह अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल।

राकेश सूरज, ऊना। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दादी और पोते की मौत हो गई। पंजाब के कपूरथला से पीरनिगाह दर्शन के लिए आया एक परिवार शनिवार सुबह हादसे का शिकार हो गया। परिवार के सदस्य शुक्रवार रात पीरनिगाह पहुंचे थे और शनिवार सुबह करीब आठ बजे माथा टेककर लौट रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल से रेहड़ा जोड़कर बनाए गए जुगाड़ वाहन की चेन उतरने से वाहन पलट गया।

हादसे में ड्राइवर 32 वर्षीय लाड्डी की माता 60 वर्षीय जीलो देवी और पांच वर्षीय बेटे अखिल की मौत हो गई, जबकि लाड्डी की पत्नी 30 वर्षीय हीना और चार अन्य बच्चे घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

आठ सदस्य थे सवार

एक ही परिवार के आठ सदस्य इस वाहन में सवार थे। पीरनिगाह से उतरते समय करीब दस मिनट की दूरी पर स्थित हादसे वाले स्थान के आसपास सड़क पर मोड़ होने से जोखिम बना रहता है। 

जुगाड़ बना हादसे की वजह

सड़कों पर नियमों को दरकिनार कर चलाए जा रहे जुगाड़ वाहन हादसों का खतरा बढ़ा रहे हैं। दैनिक जागरण पहले भी ऐसे जुगाड़ वाहनों से जुड़े खतरे को लेकर प्रशासन को आगाह करता रहा है। एक ही वाहन में पूरे परिवार का सफर करना और सुरक्षा इंतजामों की कमी गंभीर चिंता का विषय है।

यह भी पढ़ें: मंडी में HRTC की चलती बस के खुल गए टायर, अंदर सवार थी 30 जिंदगियां; गहरी खाई में गिरने से बची गाड़ी