भरवाई में 22 करोड़ से बनेंगे तीन संपर्क मार्ग
लोक निर्माण विभाग भरवाई डिविजन नाबार्ड के तहत तीन संपर्क मार्ग बनाने जा रहे हैं।
संजीव ठाकुर, भरवाई
लोक निर्माण विभाग भरवाई डिविजन नाबार्ड के तहत तीन संपर्क मार्ग बनाने जा रहा है। नव वर्ष में इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। लंबे समय से स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए विधायक बलवीर चौधरी ने संपर्क मार्गो को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत करवाया था। इन तीनों संपर्क मार्गों पर करीब 22 करोड़ रुपये नाबार्ड के तहत खर्च होंगे।
ये मार्ग अगले वर्ष तक बनकर तैयार हो जाएंगे। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने टेंडर काल किए हैं। अगले वर्ष जनवरी के अंत तक टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी व फरवरी में इसके कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। इन मार्गो से स्थानीय लोगों को सड़क सुविधा मिलेगी। स्थानीय लोगों की इस संपर्क मार्ग को लेकर काफी लंबे समय से मांग थी, जो अब हकीकत में बनने जा रहे है। ये तीन संपर्क मार्ग बनेंगे नाबार्ड के तहत
पहला संपर्क मार्ग खरोह से भटेहड़, बेहड़ा व गोदड़ी सिद्ध तक बनेगा। इसकी लंबाई छह किलोमीटर 360 मीटर है। इस पर नाबार्ड की ओर से 934.75 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, गगरेट विधानसभा क्षेत्र के मोहल्ला गुजरां पुखरू से स्वां नदी तक चार किलोमीटर 580 मीटर मार्ग पर 545.42 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं, तीसरा संपर्क मार्ग बणे दी हट्टी से घेबट बेहड़ तक बनेगा। इस चार किलोमीटर 520 मीटर मार्ग पर नाबार्ड के तहत लोक निर्माण विभाग 687.38 लाख रुपये खर्च करेगा। चितपूर्णी व गगरेट विधानसभा क्षेत्र के लोगों को इस संपर्क मार्ग से लाभ पहुंचेगा। इन संपर्क मार्गों के लिए जनता की लंबे समय से मांग थी। इन संपर्क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर नाबार्ड के तहत स्वीकृत करवाया गया था। अगले वर्ष तक ये तीनों संपर्क मार्ग बन कर जनता की सुविधा के लिए तैयार होंगे।
-बलवीर चौधरी, विधायक चितपूर्णी तीन संपर्क मार्ग नाबार्ड के तहत बनने जा रहे हैं। इन संपर्क मार्गों के टेंडर काल कर लिए गए हैं। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर फरवरी 2022 में ये कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। लोगों को सड़क सुविधा से जोड़ना हमारा प्रथम लक्ष्य है।
-एचएल शर्मा, अधिशाषी अभियंता