अग्निहोत्री की बराबरी नहीं कर सकते रामकुमार : विनोद
ब्लॉक कांग्रेस हरोली के अध्यक्ष विनोद कुमार बिट्टू ने एचपीएसआइडीसी के उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता राम कुमार पर निशाना साधा।
जागरण संवाददाता, ऊना : ब्लॉक कांग्रेस हरोली के अध्यक्ष विनोद कुमार बिट्टू ने एचपीएसआइडीसी के उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता राम कुमार पर निशाना साधा। कहा चाहे राम कुमार शर्मा जितने मर्जी ओहदे ले लें, लेकिन वह कभी भी अग्निहोत्री की बराबरी नहीं कर सकते। रामकुमार को यह समझ लेना चाहिए कि हरोली की जनता उन्हें किसी भी हालत में स्वीकार नहीं करेगी। शनिवार को जारी प्रेस बयान में कहा भाजपा नेता रामकुमार चंद भाजपाइयों के साथ सरकारी अध्यापकों एवं सरकारी कर्मचारियों पर सत्ता का दबाव बनाकर अपना स्वागत करवा रहे हैं। जबकि हरोली की जनता समझदार है और भाजपा के ऐसे बनावटी हथकंडों में नहीं आएगी। बिट्टू ने आरोप लगाते हुए कहा क्षेत्र में राजनीतिक संरक्षण में खनन कार्य चला हुआ है। हजारों की संख्या में रोजाना टिप्पर, ट्रैक्टर-ट्रालियां रेत बजरी से भरे ओवरलोड हो करके पंजाब को निकल रहे हैं। पुलिस प्रशासन भी अवैध खनन पर कार्रवाई करने में नाकाम रहा है। क्षेत्र में रेत के अवैध डंप देखे जा सकते हैं, जिन पर भाजपा नेता सरेआम कुर्सियां डालकर बैठ रहे हैं। ऐसा लगता है भाजपा नेतृत्व माफिया को संरक्षण देने का काम कर रहा है। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता दिनेश शर्मा, घालूवाल के प्रधान नंद लाल, सुमित शर्मा, उपप्रधान नंगल खुर्द सुखबीर ठाकुर, रोहित, हरीश कुमार व पंचायत सदस्य जगमोहन मौजूद रहे।