पहाड़ी से टकराया पत्थरों से भरा टिप्पर, चालक की मौत
अम्ब-नादौन रोड पर ज्वार के समीप पत्थरों से लदा टिप्पर पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
संवाद सहयोगी, अम्ब : अम्ब-नादौन रोड पर ज्वार के समीप पत्थरों से लदा टिप्पर पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में टिप्पर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पहचान 40 वर्षीय कृपाल सिंह पुत्र बक्शी राम निवासी कुकार गुडारा तहसील रक्कड़, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। अम्ब पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कृपाल सिंह वीरवार रात को करीब 11 बजे चमुखा से टिप्पर में पत्थर लोड करके अम्ब की ओर जा रहा था। रात करीब 12.15 बजे ज्वार के समीप पहुंचने ही एक कैंची मोड़ पर टिप्पर अनियंत्रित होकर पहाड़ी से जा टकराया। कृपाल को गंभीर चोटें आई। हादसे के बाद टिप्पर के केबिन में बुरी तरफ से फंसे कृपाल को सड़क से गुजर रहे अन्य वाहन सवारों ने कड़ी मशक्कत करने के बाद बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।
इस मामले में थाना प्रभारी अम्ब गौरव भारद्वाज ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मामला दर्ज करके आगामी जांच शुरू कर दी है।