ऊना के छह शहरी निकायों में आरक्षण रोस्टर तय
जागरण संवाददाता ऊना। जिले के छह शहरी निकायों में आरक्षण रोस्टर तय हो गया है। मंगलवा
जागरण संवाददाता, ऊना। जिले के छह शहरी निकायों में आरक्षण रोस्टर तय हो गया है। मंगलवार को उपायुक्त संदीप कुमार ने बताया कि ऊना नगर परिषद में कुल 11 वार्ड हैं, जिनमें से वार्ड नंबर 11 इस बार अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित किया गया है, जबकि पांच अन्य वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे। महिलाओं के लिए आरक्षित वार्डो का फैसला ड्रॉ के माध्यम से निकाला जाएगा।
डीसी ने कहा कि इसी प्रकार मैहतपुर बसदेहड़ा नगर परिषद के कुल नौ वार्डो में से दो वार्ड अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित किए गए हैं। वार्ड तीन तथा सात एससी के लिए रिजर्व किए गए हैं, इनमें से एक अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित होगा। इसके अलावा तीन अन्य वार्ड महिला प्रत्याशियों के लिए रिजर्व रहेंगे। अनुसूचित जाति की महिला तथा महिलाओं के लिए आरक्षित होने वाले अन्य तीन वार्डों का फैसला ड्रॉ के माध्यम से होगा।
संदीप कुमार ने कहा कि टाहलीवाल नगर पंचायत में कुल सात वार्ड हैं, जिनमें से इस बार वार्ड दो को अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित किया गया है। तीन अन्य वार्ड महिलाओं के लिए रिजर्व होंगे, जिनके लिए ड्रॉ निकाला जाएगा। इसी प्रकार संतोषगढ़ नगर परिषद के कुल नौ वार्डो में से वार्ड एक तथा वार्ड नंबर आठ अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित किए गए हैं। इन दो वार्डों में से एक अनुसूचित जाति की महिला के लिए रहेगा, जबकि अन्य वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे। अनुसूचित जाति की महिला तथा महिलाओं के लिए आरक्षित होने वाले अन्य तीन वार्डों का फैसला ड्रॉ के माध्यम से होगा।
जिलाधीश ने बताया कि गगरेट नगर पंचायत के कुल सात वार्डों में से वार्ड नंबर सात इस बार अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित किया गया है, जबकि तीन अन्य वार्ड महिलाओं के लिए रिजर्व होंगे, जिनका फैसला ड्रॉ के माध्यम से होगा। वहीं नगर पंचायत दौलतपुर चौक के कुल सात वार्डो में से वार्ड नंबर छह अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित किया गया है, जबकि तीन अन्य वार्ड भी महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे। इनका फैसला ड्रॉ से होगा तथा ड्रॉ शुक्रवार शाम चार बजे बचत भवन में निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को यह सूचना 31 अगस्त से पहले भेजी जानी है।