रश्मिधर ने सराही ऊना के वार्ड 10 की भाजपा टीम
महिला मोर्चा की राज्य अध्यक्ष रश्मिधर सूद ने ऊना शहर के वार्ड 10 की टीम को सराहा।
जागरण संवाददाता, ऊना : महिला मोर्चा की राज्य अध्यक्ष रश्मिधर सूद ने ऊना शहर के वार्ड 10 की भाजपा टीम की सराहना की है। उन्होंने कहा कि ऊना जिला के सभी पार्टी पदाधिकारियों को प्रेरणा लेते हुए अपने बूथ पर इस प्रकार की टीम का गठन करना चाहिए। यदि हमारे पास इस प्रकार की टीम होगी तो हमें चुनाव में कोई हरा नहीं सकेगा। भविष्य में भी इसी प्रकार फील्ड में जाकर संगठन की गतिविधियों का पता लगाकर महिलाओं को सक्रिय किया जाएगा।
रश्मिधर सूद ने मंगलवार को ऊना में आयोजित जिला महिला मोर्चा की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने ऊना नगर परिषद के वार्ड 10 के बूथ नंबर 19 पर पहुंच कर महिला मोर्चा के सबसे महत्वपूर्ण अभियान एक बूथ 20 बहनों की समीक्षा की। बूथ नंबर 19 पर 20 महिलाओं की टीम से रश्मिधर ने मुलाकात की। रश्मिधर ने कहा कि उन्हें वार्ड 10 के बूथ नंबर 19 पर आकर अच्छा लगा। यहां पर महिलाओं की टीम से मुलाकात की है। जिस तरह इस वार्ड में भाजपा के नेतृत्व में महिलाओं की टीम को मजबूत बनाने का काम किया गया है, उसके लिए सभी को साधुवाद है। वार्ड पार्षद उर्मिला चौधरी ने महिलाओं को एकत्रित करने में सराहनीय कार्य किया है। कई महिलाएं भाजपा की विचारधारा से जुड़ी हैं। वहीं, पार्षद उर्मिला चौधरी ने रश्मिधर सूद सहित अन्य भाजपा नेतृत्व का वार्ड में आने पर स्वागत किया। इस दौरान राज्य महासचिव बंदना गुलेरिया, राज्य सचिव मीनाक्षी राणा, पुष्पा देवी, उर्मिला चौधरी व भाजपा नेता हरि ओम भनोट उपस्थित रहे।