कई लोगों ने जीवन संगिनी के लिए खरीदे सरप्राइज गिफ्ट
करवा चौथ का त्योहार पति की लंबी उम्र के लिए सुहागिनों द्वारा रखा जाता है।
संवाद सहयोगी, चिंतपूर्णी : करवा चौथ का त्योहार पति की लंबी उम्र के लिए सुहागिनों द्वारा रखा जाता है। इस विशेष दिन के लिए महिलाएं लंबे समय से तैयारी करती हैं। यह पर्व पति और पत्नी के संबधों को मधुर व मजबूत बनाने में भी भूमिका अदा करता है। ऐसे में निर्जल उपवास रखने वाली पत्नी के समर्पण के बदले पति द्वारा उपहार देने की परंपरा भी लंबे समय से रही है।
मंगलवार दोपहर तक महिलाएं स्थानीय बाजार में व्रत की आवश्यक सामग्री और सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर दिखीं। शाम को कई पुरुष भी ज्वेलरी, रेडीमेड कपड़ों और गिफ्ट आइटम की दुकानों पर पहुंचे। कई लोगों ने जीवन संगिनी के लिए सरप्राइज गिफ्ट खरीदा तो किसी ने पहले से ही तय वह सामान लिया, जिसे लेकर दंपती में सहमति बनी थी। देर शाम तक आभूषणों की दुकानों पर भी रौनक देखी गई। अंगूठी, इयररिग्स और अन्य आभूषण खरीदे गए। गिफ्ट स्टोर पर परफ्यूम, घड़ी और कॉस्मेटिक का सामान भी खूब बिका। कपड़ों की दुकानों पर डिजायनर सूट व ज्यादा बिके। पतियों ने ब्यूटी किट से लेकर स्मार्टफोन भी खरीदे। कई महिलाओं ने पति के संग खरीदारी की। व्रत की पूर्व संध्या पर स्थानीय रेस्तरां में कुछ जोड़ों ने डिनर भी किया। कपूर ज्यूलर्स के संचालक संजीव कुमार ने कहा कि कई पुरुषों ने पत्नियों के लिए करवा चौथ के अवसर पर स्पेशल गिफ्ट पैक करवाए। वहीं, बाबा क्लॉथ हाउस के वीरेंद्र ने बताया कि करवा चौथ के त्योहार को लेकर पुरुषों में उत्साह दिखा। इससे उनके व्यवसाय पर सकारात्मक असर पड़ा है।