जनमंच मात्र जनता को अपमानित करने वाला कार्यक्रम बन गया
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विजय डोगरा ने कहा कि प्रदेश में जनमंच कार्यक्र
जागरण संवाददाता, ऊना : प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विजय डोगरा ने कहा कि प्रदेश में जनमंच कार्यक्रम मात्र जनता को अपमानित करने वाला कार्यक्रम बनकर रह गया है। मंच पर भाजपा के मंत्री लोगों की समस्याओं के समाधान की बजाए उनको प्रताड़ित करना शुरू कर देते है। यह मात्र एक दिखावे व फिजूलखर्ची करने का एक साधन बनकर रह गया है। उन्होंने मंगलवार को ऊना में पत्रकारों से कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई से आम आदमी का बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने जो ब्यान भय को लेकर दिया है, उसे स्वत ही झलकता है कि भाजपा की सरकार कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता व जन आक्रोश रैलियों में उमड़ रहे जनसैलाव से स्वयं डर कर उपचुनावों से भाग रही है। कांग्रेस में अपने कार्यकाल में महंगाई से लड़ते हुए डिपुओं में सस्ते राशन का वितरण शुरू किया था ताकि जनता को महंगाई से राहत मिल सके। वहीं, प्रदेश की भाजपा सरकार ने डिपुओं का राशन भी महंगे दामो पर देना शुरू कर दिया।
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी से परेशान युवा जीवन यापन के लिए दर-दर की ठोकरे खा रहे हैं। सरकार पिछले दरवाजे से अपने चहेतों को छुट पुट नौकरियां बांटने का काम कर रही है। प्रदेश सरकार ने जब से सत्ता संभाली है, तबसे कोई भी जन कल्याणकारी नीति इस प्रदेश में लागू नहीं कर पाई है। आज राज्य में गुंडा तत्वों का बोलवाला है। प्रशासन पर से सरकार की पकड़ ढीली हो रही है, जिसका खमियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है।