विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल के ऊना में पटाखे जलाने को लेकर खूनी संघर्ष, दो परिवारों के बीच जमकर चले हथियार; पति-पत्नी की मौत

Published: Mon, 09 Nov 2026 10:51 AM (IST)

हिमाचल के ऊना में पटाखे चलाने को लेकर दो नाबालिग बच्चों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दो ...और पढ़ें

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।

जागरण संवाददाता, ऊना। पुलिस थाना ऊना के तहत बदोली के वार्ड चार में पटाखे चलाने को लेकर दो नाबालिग बच्चों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दो परिवारों के बीच खूनी संघर्ष में बदल गया।

रविवार रात करीब दस बजे शुरू हुए इस विवाद में तेजधार हथियारों तक बात जा पहुंची । वहीं, खूनी घटनाक्रम में पति पत्नी की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल जरनैल सिंह को पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर किया गया है। जबकि मृतकों की पहचान बदोली निवासी ओंकार सिंह और पूजा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार दिवाली की रात स्थानीय निवासी जरनैल सिंह का बेटा केशव पटाखे चला रहा था। इसी दौरान ओंकार का बेटा सम्राट भी यहां पहुंच गया।

दो नाबालिगों के बीच शुरू हुआ विवाद

पटाखे चलाने को लेकर दोनों नाबालिगों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों परिवारों के सदस्य आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक झड़प होती रही और तेजधार हथियारों से हमले में कई लोग लहूलुहान हो गए।

बताया जा रहा है कि रात करीब साढ़े 11 बजे जरनैल सिंह अपने घायल बेटे केशव को थार गाड़ी में अस्पताल लेकर जा रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि इस बीच तैश में आकर जरनैल ने गाड़ी ओंकार और उसकी पत्नी पूजा पर चढ़ा दी। इससे विवाद और गंभीर हो गया।

दोनों की मौत के बाद अस्पताल में झड़प

गंभीर हालत में घायल ओंकार और उसकी पत्नी को भी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस दोनों पक्षों में अस्पताल के पास भी झड़प की हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

वहीं, जरनैल सिंह के सिर पर तेजधार हथियार से गंभीर चोटें आई हैं। उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर किया गया। घटनाक्रम में एक अन्य व्यक्ति के भी घायल होने की सूचना है।

पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में कुछ तथ्य सामने आए हैं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और मामले की गहनता से पड़ताल के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।