उद्योगों से जुड़ी हर विभाग की सेवाएं आनलाइन
ईज आफ डूइंग बिजनेस को लेकर वीरवार को औद्योगिक क्षेत्र गगरेट में उद्योग विभाग द्वारा ल्यूमिनस उद्योग परिसर में कार्यशाला आयोजित की गई।
संवाद सूत्र, गगरेट : ईज आफ डूइंग बिजनेस को लेकर वीरवार को औद्योगिक क्षेत्र गगरेट में उद्योग विभाग द्वारा ल्यूमिनस उद्योग परिसर में कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें उद्योग विभाग के उप निदेशक संजय शर्मा ने उद्योगपतियों से विभिन्न विषयों पर चर्चा की। संजय शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सरकार द्वारा उद्योग मित्र वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए विशेष कार्य योजना बनाकर उद्योगों की स्थापना व निवेश के लिए उद्योगपतियों को आकर्षित करने का प्रयास किया जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश ईज आफ डूइंग रैंकिग में देशभर में 10वें स्थान पर है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रयासों व प्रदेश सरकार की ओर से लाए गए सुधारों के कारण यह संभव हो पाया है। इन सुधारों में धारा -118 के मामलों में आनलाइन अनुमोदन, श्रम कानूनों में सुधार, एकल खिड़की प्रणाली को मजबूत करना, सीएम हेल्पलाइन का प्रभावी उपयोग और संभावित उद्यमियों के लिए भूमि की आसान उपलब्धता प्रमुख है। प्रदेश सरकार द्वारा उद्योग विभाग से जुड़ी सभी तरह की सेवाएं अब आनलाइन की गई हैं। हिमाचल में उद्योग मित्र माहौल उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार ने यह पहल की है। अब किसी भी विभाग से संबंधित कार्य के लिए उद्योगपतियों को कार्यालय में जाकर फाइल जमा करवाने की जरूरत नहीं है। इस मौके पर उन्होंने गगरेट औद्योगिक क्षेत्र में उद्यमियों को पेश आ रही समस्याओं को भी सुना।
इस मौके पर जिला उद्योग विभाग के जीएम अंशुल धीमान, ईटीओ अनिल कुमार, लेबर इंपेक्टर नवीन धीमान, औद्योगिक संघ के अध्यक्ष प्रमोद शर्मा, महासचिव सुरेश शर्मा, अजय भारद्वाज, वेद गोयल, चंचल शर्मा, जगदीश डोगरा, विकास कालिया समेत कई उद्योगों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।