टेंपो और बाइक की टक्कर में युवक की मौत
पुलिस थाना बंगाणा के तहत थानाकलां के बिलकवाली गांव में टेंपो व बाइक में टक्कर हो गई।
संवाद सहयोगी, बंगाणा : पुलिस थाना बंगाणा के तहत थानाकलां के बिलकवाली गांव में टेंपो व बाइक में टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चालक युवक की मौत हो गई। बाइक सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में मारे गए युवक की पहचान करनैल ¨सह (27) पुत्र प्रकाश चंद, गांव रायपुर मैदान के रूप में हुई है। वहीं राजकुमार की टांग में फेक्रचर आया है। उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है। टेंपो चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने टेंपो को कब्जे में ले लिया है। केस दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रायपुर मैदान निवासी करनैल ¨सह व राजकुमार थानाकलां के बिलकबाली में ढाबा चलाते हैं। मंगलवार रात को दस बजे के बाद वे दोनों ढाबा बंदकर बाइक पर घर वापस जा रहे थे। जैसे ही वे दोनों ढाबे से आगे थोड़ी दूरी पर पहुंचे तो टेंपो ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। बाइक सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। जहां पर चिकित्सक ने करनैल को मृत घोषित करार दिया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने टेंपो को कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी है। टेंपो चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। डीएसपी अशोक वर्मा ने बताया पुलिस ने मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।