कोरोना को हराने मैदान में उतरी नारी शक्ति
जिला प्रशासन के प्लास्टिक फ्री अभियान में एक लाख से अधिक कपड़े के बैग बनाने वाले ऊना के महिला स्वयं सहायता समूह अब कोरोना को हराने के लिए मैदान में उतरे हैं।
जागरण संवाददाता, ऊना : जिला प्रशासन के प्लास्टिक फ्री अभियान में एक लाख से अधिक कपड़े के बैग बनाने वाले ऊना के महिला स्वयं सहायता समूह अब कोरोना को हराने के लिए मैदान में उतरे हैं। अब इन स्वयं सहायता समूहों को ग्रामीण विकास विभाग की ओर से ट्रिपल लेयर मास्क बनाने का ऑर्डर दिया गया है। एडीसी अरिदम चौधरी ने बताया ऊना व हरोली उपमंडल के 10 महिला स्वयं सहायता समूहों को मास्क बनाने का काम सौंपा गया है।
कहा स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं रोजाना लगभग 1000 मास्क तैयार कर रही हैं। उन्हें सस्ते दामों पर बाजार में उतारा जा रहा है। ग्रामीण विकास विभाग ने ट्रिपल लेयर मास्क बनाने के लिए कपड़ा स्वयं सहायता समूहों तक पहुंचा दिया है और बाजार की मांग के अनुरूप कार्य किया जा रहा है। ये मास्क कोरोना वायरस पर स्वास्थ्य मापदंडों के अनुरूप ही तैयार किए जा रहे हैं। बाजार में मास्क की कमी है और स्वयं सहायता समूहों द्वारा मास्क तैयार होने के बाद इस कमी को पूरा किया जा सकता है। स्वयं सहायता समूहों को प्रति मास्क पांच रुपये सिलाई प्रदान की जा रही है, जिससे उन्हें आय होगी। आम लोग व दवा विक्रेता भी स्वयं सहायता समूहों को मास्क बनाने का ऑर्डर दे सकते हैं। इसके लिए वह परियोजना अधिकारी जिला ग्रामीण विकास अभिकरण ऊना के कार्यालय में या फिर फोन नंबर 01975-223383 पर संपर्क कर सकते हैं।