जूडो में मणिपुर के टी बिसन ने पाया पहला स्थान
इंदिरा मैदान ऊना में चल रही सब जूनियर राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को विभिन्न रोमांचकारी मुकाबले खेले गए।
जागरण संवाददाता, ऊना : इंदिरा मैदान ऊना में चल रही सब जूनियर राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को विभिन्न रोमांचकारी मुकाबले खेले गए। लड़कों के वर्ग में 35 व 40 किलोग्राम भार वर्ग के मुकाबले हुए जबकि लड़कियों में 32 व 36 किलोग्राम भार वर्ग के खिलाड़ियों के बीच प्रतियोगिता करवाई गई। कोच कुलदीप शर्मा ने बताया लड़कों के 35 किलोग्राम भार वर्ग में मणिपुर के टी बिसन ने पहला, त्रिपुरा के लाल थापुना ने दूसरा व यूपी के शिवम व गुजरात के शिव ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। 40 किलोग्राम भार वर्ग में मणिपुर के एच ऋषि कांता ने पहला, राजस्थान के अनिल सैणी ने दूसरा व हरियाणा के रोनित व अरुणाचल प्रदेश के केंटुलप ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। लड़कियों के 32 किलोग्राम भार वर्ग में दिल्ली की जानवी यादव ने पहला, हरियाणा की दीप्ति राणा ने दूसरा व पंजाब की संजना व गुजरात की अर्चना ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। इसी तरह 36 किलोग्राम भार वर्ग में गुजरात की अंकिता ने पहला, मणिपुर की टीएच मलोती देव ने दूसरा व हिमाचल की रूपांशी व महाराष्ट्र की केतकी ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का समापन सोमवार को होगा।