हिमाचल: आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का इंतजार खत्म, बढ़ा हुआ मानदेय इसी माह होगा जारी
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को आठ माह से लंबित बढ़ा हुआ मानदेय इसी महीने मिलने की उम्मीद है। जिला कार्यक्रम अधिकारी हरीश मिश्रा ने इसकी पुष्टि की है, जिससे कार्यकर्ताओं की निराशा दूर होगी।

हिमाचल: आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का इंतजार खत्म (फाइल फोटो)
HighLights
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को आठ माह बाद मिलेगा बढ़ा हुआ मानदेय।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने मानदेय जारी होने की पुष्टि की।
महिला एवं बाल विकास योजनाओं में इनकी अहम भूमिका रहती है।
संवाद सहयोगी, मैहतपुर। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बढ़े हुए मानदेय के लिए अब अधिक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। करीब आठ माह से लंबित मानदेय की बढ़ी हुई राशि इसी माह मिलने की उम्मीद है। जिला कार्यक्रम अधिकारी हरीश मिश्रा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को इस महीने बढ़ा हुआ मानदेय जारी कर दिया जाएगा।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं महिला एवं बाल विकास योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने में अहम भूमिका निभा रही हैं। बच्चों की देखभाल, पोषण संबंधी गतिविधियों और विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों के संचालन के साथ चुनाव के दौरान भी इनकी सेवाएं ली जाती हैं। इसके बावजूद लंबे समय से इन्हें बढ़े हुए मानदेय का इंतजार करना पड़ रहा है।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रदेश सरकार ने पिछले वित्तीय बजट में उनके मानदेय में वृद्धि करने का निर्णय लिया था। इसके बाद भी करीब आठ माह बीत जाने के बावजूद बढ़ा हुआ मानदेय नहीं मिल पाया है। इससे कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं में निराशा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द बढ़ा हुआ मानदेय जारी करने की मांग उठाई है।
रेखा, सरोज, रानी, अवतार कौर, दलजीत और रेणु ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं सीमित मानदेय में विभाग की जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं। ऐसे में सरकार द्वारा घोषित बढ़े हुए मानदेय का समय पर भुगतान किया जाना चाहिए।