अनंतनाग में आतंकियों से लोहा लेते हिमाचल का सपूत शहीद, ऊना के अनिल का दो दिन पहले था जन्मदिन Una News
Himachal Soldier Killed ऊना ज़िले के बंगाणा उपमंडल का सरोह निवासी 26 वर्षीय सैनिक अनिल कुमार जसवाल जम्मू कश्मीर में आतंकियों से मुठभेड़ में शहीद हो गया।
ऊना, जेएनएन। ऊना ज़िले के बंगाणा उपमंडल का सरोह निवासी 26 वर्षीय सैनिक अनिल कुमार जसवाल जम्मू कश्मीर में आतंकियों से मुठभेड़ में शहीद हो गया। दो दिन पहले ही उनका जन्मदिन था। आतंकियों के खिलाफ एक ऑपरेशन में अनिल कुमार जसवाल भी शामिल था। इस दौरान वह बुरी तरह से जख्मी हो गया था। मंगलवार सुबह उसने जम्मू कश्मीर के सेना अस्पताल में दम तोड़ दिया।
अनिल जेक रायफल का सिपाही था। अनिल शादीशुदा था और जनवरी महीने में उसके घर बेटे का जन्म हुआ था। शहीद अनिल कुमार छह साल पहले ही फौज में भर्ती हुए थे। बताया जा रहा है शहीद अनिल कुमार दो सप्ताह पहले ही छुट्टी काटकर ड्यूटी पर लौटा था। उनकी शहादत के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। अनिल की शादी दो साल पहले ही हुई थी।
जानकारी के अनुसार सोमवार को दक्षिण कश्मीर के बडूरा (अनंतनाग) में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच करीब 12 घंटे चली मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया। इस दौरान एक मेजर समेत दो फौजी जवान शहीद हुए हैं। अनिल इस हमले में घायल हो गया था। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था, जहां उनका निधन हो गया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप