'आपको प्रोटोकाल पता नहीं, मैं 4 बार का विधायक', नाम पहले न लेने पर हिमाचल कांग्रेस MLA ने शहीद स्मारक पर खोया आपा
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर द्वारा ऊना में शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित करने के बाद, एससी आयोग के चेयरमैन कुलदीप धीमान को श्रद्धांजलि देने के लिए बुलाया गया।
HighLights
शहीद स्मारक पर विधायक राकेश कालिया ने प्रोटोकॉल पर हंगामा किया।
चार बार के विधायक होने पर पहले नाम न लेने पर भड़के।
घटना का वीडियो वायरल, इंटरनेट मीडिया पर कड़ी निंदा।
जागरण संवाददाता, ऊना। नेता अपने अहम और अपने नाम लेने के प्रोटोकाल के आगे सब कुछ भूल जाते हैं। फिर मौका चाहे वीर सैनिकों के सम्मान देने का हो या फिर कोई शोक सभा हो। कुछ ऐसा ही उदाहरण बुधवार को हिमाचल दिवस पर एमसी पार्क ऊना स्थित शहीदों के स्थल पर देखने को मिला। यहां शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने पहले शहीद स्मारक पर वीर जवानों को पुष्प अर्पित किए।
इसके बाद एक कर्मचारी ने एससी आयोग के चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री कुलदीप धीमान को श्रद्धांजलि देने के लिए आवाज लगा दी, इससे पहले कि कुलदीप कुमार अपना श्रद्धांजलि पुष्प गुच्छ लेकर आगे बढ़ते, इतने में गगरेट विधानभसा क्षेत्र के विधायक भड़क गए और कर्मी को जोर से चिल्ला पड़े कि आपको पता नहीं मैं चार बार का विधायक हूं मुझे पहले बुलाना चाहिए था।
विधायक का रवैया देखकर सब हैरान
इस बीच इस श्रद्धाजंलि समारोह में सभी एकाएक हैरान रह गए और राकेश कालिया की ओर देखने लगे। इस बीच कुलदीप कुमार ने भी मौके की नजाकत और बुद्धिमता का प्रमाण देते हुए आगे से बात का कोई बखेड़ा नहीं बनाया और चुपचाप पीछे होते हुए राकेश कालिया को श्रद्धांजलि देने जाने दिया।
इंटरनेट मीडिया पर हो रही निंदा
फिलहाल राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम की चर्चा है और इंटरनेट मीडिया पर यह वीडियो वायरल भी हो रहा है। इसमें इंटरनेट मीडिया यूजर्स कई तरह की टिप्पणियां कर शहीद स्मारक पर इस तरह की घटना की निंदा कर रहे हैं।
