दिल्ली से आने वाली हिमाचल एक्सप्रेस में दिवाली से डेढ़ महीना पहले ही लंबी वेटिंग, अन्य ट्रेन का क्या है हाल?
त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले ही दिल्ली से हिमाचल आने वाली हिमाचल एक्सप्रेस में दिवाली से डेढ़ महीने पहले ही लंबी वेटिंग लिस्ट आ गई है।

हिमाचल एक्सप्रेस ट्रेन में दिवाली से डेढ़ महीना पहले ही लंबी वेटिंग लिस्ट है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
हिमाचल एक्सप्रेस में दिवाली से डेढ़ माह पहले लंबी वेटिंग।
दिल्ली से हिमाचल आने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट की समस्या।
यात्रियों ने त्योहारों के लिए अतिरिक्त कोच और विशेष ट्रेनें मांगी।
संवाद सूत्र, रक्कड़ (ऊना)। त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले ही रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। दिवाली इस वर्ष आठ नवंबर को मनाई जाएगी, लेकिन इससे करीब डेढ़ माह पहले ही दिल्ली से करटोली के बीच चलने वाली लोकप्रिय हिमाचल एक्सप्रेस 14053/14054 ट्रेन में नवंबर के शुरुआती दिनों की यात्रा के लिए लंबी वेटिंग लिस्ट सामने आने लगी है। खासकर दिल्ली से हिमाचल की ओर आने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है।
छह और 7 नवंबर की वेटिंग
छह नवंबर को दिल्ली जंक्शन से करटोली जाने वाली हिमाचल एक्सप्रेस में शयनयान श्रेणी की वेटिंग 48, तृतीय वातानुकूलित में 39, द्वितीय वातानुकूलित में 18 और प्रथम वातानुकूलित श्रेणी में चार तक पहुंच गई है। वहीं सात नवंबर को भी स्थिति ऐसी ही है। इस दिन स्लीपर में वेटिंग 17, थर्ड एसी में 12, सेकंड एसी में छह और फर्स्ट एसी में एक यात्री प्रतीक्षा सूची में है।
दिवाली और भाईदूज के लिए बढ़ी डिमांड
ऊना, अंब-अंदौरा और दौलतपुर चौक से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों के लिए हिमाचल एक्सप्रेस अहम ट्रेन है। दिवाली और भाईदूज पर घर लौटने वाले कामगारों और परिवारों की संख्या बढ़ने से ट्रेनों में सीटों की मांग बढ़ गई है।
वंदे भारत और अन्य ट्रेन में क्या है स्थिति
हालांकि यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि नई दिल्ली से अंब-अंदौरा आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस और नई दिल्ली से दौलतपुर चौक आने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस में विभिन्न श्रेणियों में 300 से अधिक सीटें उपलब्ध हैं। वहीं इंदौर-ऊना द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस में भी कुछ श्रेणियों में सीटें उपलब्ध हैं। हालांकि आगामी दिनों में यहां भी वेटिंग होने की संभावना है।
अतिरिक्त व्यवस्था की मांग
यात्रियों ने रेलवे से त्योहारों के दौरान अतिरिक्त कोच लगाने और विशेष ट्रेनें चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते अतिरिक्त व्यवस्था होने से यात्रियों को राहत मिल सकती है।
यह भी पढ़ें: मंडी-पठानकोट फोरलेन पर राजोल से ठानपुरी पैच की अलाइनमेंट घोषणा जल्द, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी को मंजूरी
