हिमाचल के हरोली से नई दिल्ली के लिए वोल्वो बस सेवा, आज हरी झंडी दिखाएंगे डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली में तीन विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इसमें वीर सैनिक सामुदायिक भवन की आधारशिला, हरोली-नई ...और पढ़ें

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री बस को दिखाएंगे हरी झंडी (फाइल फोटो)
HighLights
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने तीन विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
वीर सैनिक सामुदायिक भवन की आधारशिला रखी गई, लागत 3.50 करोड़।
हरोली-नई दिल्ली वोल्वो बस और 14 ई-रिक्शा को हरी झंडी।
जागरण संवाद केंद्र, हरोली। क्षेत्र को 15 नवंबर को विकास की तीन सौगातें मिलेंगी। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री वीर सैनिक सामुदायिक भवन की आधारशिला रखने के साथ हरोली से नई दिल्ली के लिए वोल्वो बस सेवा और 14 ई-रिक्शा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
करीब 3.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वीर सैनिक सामुदायिक भवन में सैनिकों और पूर्व सैनिकों को बैठकों, कार्यक्रमों और अन्य सामाजिक गतिविधियों के आयोजन के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध होगा।
यह जानकारी सरकारी प्रवक्ता ने दी। उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री सुबह 11 बजे हरोली बस स्टैंड से हरोली-नई दिल्ली वोल्वो बस सेवा को रवाना करेंगे।
इसके बाद दोपहर 12 बजे खंड विकास अधिकारी कार्यालय हरोली से 14 ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाएंगे। दोपहर बाद करीब सवा 12 बजे हरोली में वीर सैनिक सामुदायिक भवन की आधारशिला रखेंगे।
उपमुख्यमंत्री का कहना है कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों और पूर्व सैनिकों को सिविल जीवन में भी उचित सम्मान और सुविधाएं मिलनी चाहिए।
इसी सोच के साथ रामपुर पुल के समीप विकसित की जा रही न्यू हरोली की परिकल्पना में पूर्व सैनिक भवन को शामिल किया गया है।
घालुवाल चौक में भारतीय सेना का टैंक स्थापित करने के पीछे भी यही भावना है, ताकि युवा पीढ़ी देश की रक्षा में सैनिकों के योगदान से प्रेरणा ले सके।
हरोली से नई दिल्ली के लिए वोल्वो बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को राजधानी आने-जाने के लिए बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। वहीं, 14 ई-रिक्शा के संचालन से स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर बढ़ने के साथ पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को भी प्रोत्साहन मिलेगा।