ऊना में पिता-पुत्र ने की आत्महत्या
अम्ब कस्बे के आठवां गांव में दिल दहला देने वाली घटना समाने आई है।
संवाद सहयोगी, अम्ब (ऊना) : अम्ब कस्बे के आठवां गांव में दिल दहला देने वाली घटना समाने आई है। बुधवार को यहां एक पिता ने अपने बेटे द्वारा आत्महत्या कर लेने के बाद खुद भी सल्फास की गोलियां खाकर जान दे दी। दरअसल जन्मदिन मनाने को लेकर पिता-पुत्र में कहासुनी हो गई। इसके बाद बेटे ने कमरे में जाकर फंदा लगा लिया।
19 वर्षीय लवनीत उर्फ जानू पुत्र हुकम चंद अम्ब के एक सैलून में काम सीखने के बाद गांव में थोड़ा बहुत काम करता था। बुधवार को उसका जन्मदिन था। वह अपने दोस्तों के साथ इसे मनाना चाहता था। इसी बात को लेकर उसकी अपने पिता के साथ कहासुनी हो गई। इसके बाद जानू ने अपने आपको कमरे में बंद कर लिया। दोपहर करीब एक बजे जब उसकी मां ने कमरे में जाकर देखा तो वह छत के साथ पंखे के लिए रखी कुंडी से फंदा लगाकर झूल रहा था।
मां के चिल्लाने पर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। युवक को फंदे से नीचे उतारा और सिविल अस्पताल अम्ब ले गए। डॉक्टरों ने जांच कर मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की सूचना मिलने ही पिता ने घर में रखी सल्फास की गोलियां निगल लीं। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लिया। इस मामले में थाना प्रभारी अम्ब गौरव भारद्वाज ने बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रहे हैं।