विवाहिता की शिकायत पर सात के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस
एक विवाहिता ने अम्ब कोर्ट के माध्यम से ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज करवाया है।
संवाद सहयोगी, अम्ब । एक विवाहिता ने अम्ब कोर्ट के माध्यम से ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज करवाया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपित ससुरालियों पर मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
विवाहिता ने कोर्ट के माध्यम से पुलिस थाना अम्ब में दी तहरीर में कहा है कि उसकी शादी 12 मई, 2016 को उसके गांव अलोह में मुस्लिम रीति रिवाज से होशियारपुर पंजाब के रफीक मोहम्मद से हुई थी। शादी के कुछ समय के बाद ही उसे ससुराल पक्ष कम दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करने लग पड़े।
पति, सास-ससुर के अलावा चार शादीशुदा ननद भी उसे तंग करने लगी। पति ने कार की मांग रखी। जब वह सात माह की गर्भवती थी तो ससुराल ने उसकी जिम्मेदारी उठाने से इंकार कर दिया और पिता के घर भेज दिया। 16 अगस्त, 2017 को उसने बच्ची को जन्म दिया। बेटी के जन्म के बाद उसे तलाक की धमकी दी गई।
इस मामले में डीएसपी अम्ब मनोज जम्वाल ने कहा कोर्ट के आदेशों पर ससुराल के सात लोगों पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।