बनेगी नई खनन नीति, टोल बैरियर पर देंगे राहत
जागरण संवाददाता, ऊना : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि सरकार टोल बैरियर पर राहत देग
जागरण संवाददाता, ऊना : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि सरकार टोल बैरियर पर लोगों को राहत देगी। प्रदेश के सीमांत क्षेत्रों में टोल बैरियर पर टैक्स अदायगी के लिए फैसला 27 मार्च को होने वाली कैबिनेट की बैठक में लिया जाएगा। हालांकि इससे सरकार को आय का बड़ा हिस्सा मिलता है पर जनता की सुविधा के लिए इसमें छूट का प्रावधान किया जाएगा। खनन माफिया पर लगाम कसने के लिए नई नीति बनाई जाएगी और इसमें सरकार नए नियमों के तहत ही मंजूरी देगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शनिवार को ऊना जिले के मैहतपुर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दल अंतर्कलह से जूझ रहा है। कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह तो प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू से परेशान हैं। बकौल जयराम ठाकुर, जिस पार्टी का आपसी समन्वय न हो वह जनता की आवाज कैसे उठाएगी। आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री जल्दबाजी में रहते हैं, इसलिए सरकार के कुछ करने से पहले ही टिप्पणियां शुरू कर देते हैं और इस कारण विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र ¨सह कुछ कह नहीं पाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, केंद्र के सहयोग से राज्य सरकार विकास की ओर आगे बढ़ रही है पर दिल्ली जाने पर भी विरोधियों को आपत्ति होती है। विकास पर कांग्रेस की जलन से कोई फर्क नहीं पड़ता है। बकौल जयराम ठाकुर, उनके लिए संगठन सबसे पहले है और वह कार्यकर्ता बनकर दायित्व को निभा रहे हैं। उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के प्रयासों की सराहना की और उनकी हार पर दुख भी जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा में सतपाल सत्ती की हमेशा कमी खलती है। ऊना जिले के दो दिवसीय दौरे के पहले दिन शनिवार को उन्होंने करोड़ों की विकास योजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन किए। इस मौके पर सांसद अनुराग ठाकुर, स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर व ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा आदि मौजूद रहे।