मंत्रिमंडल में फेरबदल के लिए दिल्ली नहीं गए हैं सीएम : सत्ती
प्रदेश भाजपाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश भर में अफरा-तफरी का माहौल बनाने का प्रयास किया लेकिन देश की सूझवान जनता ने उन सबको नकार दिया। देश में कांग्रेस मुक्त राज्यों का जो नारा दिया गया था वह पीएम नरेंद्र मोदी के कारण ही संभव हो पाया है। देश में जहां 9 पूर्व सीएम चुनाव हारे वहीं कई दिग्गज अपने बूथों
जागरण संवाददाता, ऊना : भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि मंत्रिमंडल में फेरबदल के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिल्ली नहीं गए हैं क्योंकि मंत्रिमंडल में फेरबदल की कोई चर्चा नहीं है। यह बात सत्ती ने सोमवार को ऊना में पत्रकारवार्ता में पूछे गए सवाल के उत्तर में कही। उनसे पूछा गया कि क्या आपको सरकार में कोई पद दिया जा रहा है तो सत्ती ने कहा अगर सरकार में पद ही लेना होता तो वह एक साल पहले ही ले लेते। उन्होंने कहा कि अनिल शर्मा पर निर्णय लेने का अधिकार केंद्रीय हाईकमान के पास है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देशभर में अफरा-तफरी का माहौल बनाने का प्रयास किया, लेकिन जनता ने सबको नकार दिया। देश में कांग्रेस मुक्त राज्यों का जो नारा दिया गया था, वह पीएम नरेंद्र मोदी के कारण संभव हो पाया है। देश में जहां नौ पूर्व सीएम चुनाव हारे, वहीं कई दिग्गज अपने बूथों में पिछड़े हैं। जीत का श्रेय पीएम मोदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को जाता है। देशभर में जीत को संभव बनाने के लिए कार्यकर्ताओं ने अथक मेहनत की है। देश में पीएम मोदी ने व प्रदेश में गांव-गरीब की चिता करने वाले सीएम जयराम ठाकुर ने पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की ओर से रोके कार्यो को शुरू करवाने में तरजीह दी है। इसकी बदौलत प्रदेश में पहली बार सभी 68 विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को लीड मिली है। कांग्रेस के पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने बूथ तक में हार गए। कांग्रेस नेताओं ने जितना दुष्प्रचार जयराम ठाकुर के खिलाफ किया, उसका सीधा फायदा भाजपा को हुआ। क्योंकि सीएम तमाम आरोपों को दरकिनार करते हुए कार्य करते रहे। कांग्रेस पार्टी के कई नेताओं ने भाजपा के पन्ना सम्मेलनों का मजाक उड़ाया, उतना ही मजाक अब कांग्रेस नेताओं का पन्ना सम्मेलनों ने उड़ाया है।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष बलवीर बग्गा, प्रदेश मीडिया प्रभारी हरिओम भनोट, जिला मीडिया प्रभारी राजकुमार पठानिया, भाजपा नेता विनय कुमार व लोअर अरनियाला के प्रधान अशोक धीमान मौजूद रहे।