योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनें महिलाएं : योगिता
कृषि विज्ञान केंद्र ऊना की ओर से गांव सैंसोवाल में महिला मंडल की महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
संवाद सहयोगी, हरोली : कृषि विज्ञान केंद्र ऊना की ओर से गांव सैंसोवाल में महिला मंडल की महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कृषि विज्ञान केंद्र की डॉ. योगिता शर्मा, पशुधन विशेषज्ञ दीपाली कपूर, महिला मंडल प्रधान चंचला शर्मा, सैंसोवाल कृषि सहकारी सभा के प्रधान शिव शशि कंवर, माडर्न गोट फॉर्म के संचालक विजय ठाकुर सहित महिलाओं ने बढ़चढ़कर भाग लिया। शिविर में पशुधन विशेषज्ञ दीपाली कपूर ने महिलाओं को पशुधन के संरक्षण के बारे में जानकारी दी। वहीं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। शिविर में डा. योगिता शर्मा ने महिला मंडल के प्रतिनिधियों को स्वस्थ रहने के टिप्स भी दिए। वहीं स्वयं सहायता समूहों को सरकार की ओर से दी जाने वाली आर्थिक सहायता के बारे में बताया। कहा महिलाएं कृषि का व्यवसाय अपनाकर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर सकती हैं जिसके लिए सरकार ने अनेकों योजनाएं चलाई हैं और कृषि से संबंधित प्रशिक्षण करवाए जा रहे हैं। जिनका लाभ महिलाएं ले सकती हैं। शिविर में सोसायटी के प्रधान शिव शशि कंवर ने महिलाओं को कोई भी प्रोजेक्ट शुरू करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा यदि महिलाएं एकजुट होकर गांव में कोई प्रोजेक्ट लगाती हैं, तो इसके लिए सोसायटी उन्हें ऋण भी उपलब्ध करवाएगी।