बेकाबू ट्रक ने आठ को कुचला, तीन की मौके पर मौत
Car accident in Himachal ऊना के टाहलीवाल में बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए।
टाहलीवाल, जेएनएन। टाहलीवाल में बेकाबू ट्रक ने आठ लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के दो घायलों को गंभीर अवस्था में पीजीआइ रेफर किया गया है। मृतकों में पिता-पुत्र और भतीजी शामिल थे। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ब्रेक फेल होने से ट्रक का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित चालक रमेश चंद को देर शाम गिरफ्तार कर लिया गया।
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे टाहलीवाल चौक में हाइड्रोजन गैस सिलेंडर से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर दुकानों में घुस गया। सड़क पर वाहनों के साथ ही दुकानों के बाहर खड़े आठ से अधिक लोगों को चपेट में ले लिया। लोगों को रौंदते हुए ट्रक एक खंबे से टकराने के बाद रुका। हादसा देखकर बाजार चीखों से गूंज उठा। हादसे में स्कूटी सवार टाहलीवाल के समीप कर्मपुर गांव के 32 वर्षीय संजीव कुमार, उनके सात वर्षीय बेटे आयुष और एक वर्षीय प्राची की मौत हो गई।
85 वर्षीय दातूराम निवासी ललड़ी, 50 वर्षीय सुभाष चंद निवासी बट्टकलां, 30 वर्षीय हरमन निवासी कर्मपुर, 30 वर्षीय ममता निवासी कर्मपुर और अमृतसर के मनप्रीत सिंह घायल हो गए। आठ लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं। घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया, जहां पर ममता और सुभाष की हालत नाजुक होने पर पीजीआइ रेफर किया गया। संजीव बेटे के साथ स्कूल से लौट रहा था और उसके साथ ताया की बहू ममता एक वर्षीय बेटी प्राची के साथ टाहलीवाल आई हुई थी। हादसे के बाद उपायुक्त राकेश प्रजापति, पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। ट्रक एक निजी उद्योग से खाली सिलेंडर के साथ पंजाब की तरफ जा रहा था। कंडक्टर ने पहले ही छलांग लगा दी थी। बाद में चालक से ट्रक नियंत्रित नहीं हुआ और हादसा हो गया। पांच दुकानों को भी लाखों का नुकसान हुआ है।
ऊना के पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपित चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई होगी।