हरोली में झुलसा रोग की चपेट में आलू की फसल
लगातार हो रही बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
संवाद सहयोगी, हरोली : लगातार हो रही बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हरोली हलके के किसानों की आलू की फसल को झुलसा रोग ने अपनी चपेट में ले लिया है। घालूवाल, सलोह, बढ़ेडा, समनाल, सेंसोवल, भदसाली, पंडोगा, पंजावर में आलू की फसल को यह रोग लग गया है। खेत में फसल सूख चुकी है। जबकि किसान तीन साल से आलू की फसल खराब होने या रेट न मिलने से परेशान हैं। अगर रोग का ऐसा ही प्रभाव रहा तो उन्हें बड़ी आर्थिक क्षति झेलनी पड़ सकती है। दूसरी तरफ सरकार ने आलू की फसल को बीमा श्रेणी में शामिल किया है पर अब तक इसकी नोटिफिकेशन नहीं हुई है। इसका लाभ किसानों को इस बार नहीं मिल पाएगा। पिछली फसल में रेट न मिलने से कई किसानों ने अपनी फसल पर ट्रैक्टर चलाना ही बेहतर समझा था। किसानों को अपनी फसल बचाने के लिए महंगी दवाओं का छिड़काव करना पड़ रहा है। घालूवाल के किसान रमेश ने बताया उसके 22 किल्ले आलू की फसल खराब हो गई है। पंजावर के मोहित ने बताया उसकी 18 कनाल फसल को झुलसा रोग लगा है। सलोह के किसान अश्वनी ने बताया उसकी करीब 26 कनाल आलू की फसल खराब हो चुकी है। जबकि, हरोली के सतपाल की 20 कनाल, घालूवाल के सतीश की आठ कनाल फसल झुलसा रोग की चपेट में आ चुकी है। लगातार हो रही बारिश के कारण फसल को झुलसा रोग लगा है। वह तीन साल से घाटा उठा रहे हैं। कई किसानों ने कर्ज उठाकर फसल उगाई है। अब मौसम के कड़े तेवर के कारण उन्हें इस बार भी नुकसान उठाने को मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने सरकार से नुकसान की भरपाई करने की मांग की है। इस बारे में कृषि उपनिदेशक सुरेश कपूर ने कहा किसान घबराएं नहीं, विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर उचित कदम उठाएं।