छांव व हरियाली के साथ सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक करता एक पार्क
ऊना में नवनिर्मित पार्क केवल लोगों के बैठने और घूमने के लिए ही नही बना है बल्कि ये लोगों काे कई बुराईयों के खिलाफ भी जागरुक करता है।
ऊना, जेएनएन। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में नवनिर्मित पार्क अब केवल लोगों के बैठने और धूप-छांव लेने तक ही सीमित नहीं रहेगा। अब यहां जागरूकता संदेश भी मिलेगा। अस्पताल प्रशासन ने पार्क में स्थापित बेंच पर जागरूकता संदेश अंकित करवा दिए हैं। ये संदेश केवल एक ही विषय पर आधारित नहीं बल्कि कई विषयों को दर्शा रहे हैं। अस्पताल के मुख्यद्वार के सामने बने पार्क में करीब एक दर्जन के करीब बेंच हैं जिन पर नशे के खिलाफ, रक्तदान, धूमपान निषेध जैसे शब्दों के बोर्ड बेंचों की पिछली तरफ लगाए गए हैं। अहम बात यह है कि अस्पताल प्रशासन द्वारा जागरूकता के लिए उठाए गए कदम की लोग, मरीज व तीमारदार सराहना कर रहे हैं।
आगे भी होते रहेंगे प्रयास
मरीजों व तीमारदारों को बढ़िया इलाज के साथ अच्छा और सेहतमंद वातावरण मिले, इसके लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। पार्क में जहां हरियाली से मरीज व तीमारदार सेहतमंद हो रहे हैं, वहीं जागरूकता संदेशों से सामाजिक सरोकारों के प्रति लोगों के दायित्व में जागरूकता आएगी।
-डॉ. रमन कुमार शर्मा, सीएमओ।
इन संदेशों से लोग होंगे जागरूक
हाथ धोएं साबुन से रोग मिटेंगे जीवन से, कृपया गंदगी न फैलाएं, कूड़ा कूड़ेदान में ही डालें, कन्या भ्रूण हत्या महापाप है, दो सप्ताह से ज्यादा खांसी तो बलगम की कराएं जांच, पेड़ पौधे मत करें नष्ट वरना सांस लेने में होगा कष्ट, अस्पताल आपका है, इसे साफ-सुथरा रखें, धूमपान न करें आदि संदेशों को पार्क में लगे बेंचों पर आगे और पीछे दर्शाया गया है।
यह है उद्देश्य
पार्क में लगभग आठ बेंच पर जागरूकता संदेशों को दर्शाया गया है। इसका मकसद जहां कायाकल्प कार्यक्रम के तहत अस्पताल के माहौल को बढ़िया बनाने का था वहीं लोगों को भी विभिन्न विषयों पर जागरूक करना था। अभी लोगों में यह संदेश चर्चा का विषय बने हुए हैं। लोगों को अपनी ओर आकर्षित भी कर रहे हैं। जिस मकसद से उक्त संदेशों को लगाया गया है, लोगों का आकर्षण देखकर वैसा संभव होता जरूर दिख रहा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप