विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल की 5 वर्षीय एलैना ने फिलीपींस में सुनाई राम स्तुति तो दंग रह गए PM मोदी, बच्ची का वीडियो किया शेयर

By Neeraj Prashar Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 18 Nov 2026 06:21 AM (IST)

फिलीपींस में 5 वर्षीय एलैना जसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने राम स्तुति सुनाई, जिससे पीएम मोदी काफी प्रभावित ...और पढ़ें

मनीला में पीएम नरेन्द्र मोदी के साथ हिमाचल के चिंतपूर्णी की एलैना जसवाल। सौजन्य परिवार

मनीला में पीएम नरेन्द्र मोदी के साथ हिमाचल के चिंतपूर्णी की एलैना जसवाल। सौजन्य परिवार

HighLights

  1. 5 वर्षीय एलैना ने फिलीपींस में प्रधानमंत्री मोदी को राम स्तुति सुनाई।

  2. प्रधानमंत्री मोदी एलैना की प्रस्तुति से अत्यधिक प्रभावित हुए, वीडियो साझा किया।

  3. चिंतपूर्णी की एलैना ने भारतीय संस्कृति का मान बढ़ाया, परिवार गौरवान्वित।

नीरज पराशर, चिंतपूर्णी (ऊना)। अपनी मिट्टी से दूर रहकर भी संस्कारों को सहेजना और अगली पीढ़ी तक पहुंचाना आसान नहीं होता है। लेकिन जब परिवार की सीख बच्चों के मन में उतर जाए तो भौगोलिक दूरियां भी परंपराओं के इस रिश्ते को कमजोर नहीं कर पाती हैं। फिलीपींस की राजधानी मनीला में पांच वर्षीय एलैना जसवाल ने कुछ ऐसा ही उदाहरण प्रस्तुत किया।

हिमाचल प्रदेश के चिंतपूर्णी से संबंध रखने वाली इस नन्ही बच्ची ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सामने राम स्तुति ‘श्री रामचंद्र कृपालु भज मन' सुनाकर उनका ध्यान आकर्षित किया। प्रधानमंत्री ने स्नेहपूर्वक ‘वाह' कहकर बच्ची का उत्साह बढ़ाया। प्रधानमंत्री ने इस बच्ची से यह भी पूछा कि वह क्या अयोध्या गई है तो पिता रोहित ने जबाव दिया कि वे जल्दी ही वहां जाएंगे।

आसियान शिखर सम्मेलन के सिलसिले में मनीला पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सम्मान में सोमवार शाम भारतीय प्रवासी समुदाय की ओर से स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान प्रधानमंत्री भारतीय लोगों से मिल रहे थे। तभी वह एलैना और उनके पिता रोहित जसवाल से बातचीत करने के लिए कुछ देर रुके। इसी अवसर पर ऐलैना ने उनके सामने राम स्तुति प्रस्तुत की।

पीएम मोदी ने शेयर किया वीडियो

नन्ही बच्ची के मुख से राम स्तुति सुनकर प्रधानमंत्री प्रभावित हुए और उन्होंने यह पूरी प्रस्तुति ध्यानपूर्वक सुनी। बाद में प्रधानमंत्री ने इस यादगार पल का वीडियो अपने आधिकारिक यूट्यूब और इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी साझा किया।

मां दक्षिण कोरिया से

एलैना का जन्म 21 अगस्त 2021 को हुआ था। वह अपने परिवार के साथ मनीला में रहती हैं और बहुसांस्कृतिक वातावरण में पली-बढ़ी हैं। उसकी माता कोरिया से हैं। अंग्रेजी और कोरियाई भाषा धाराप्रवाह बोलने वाली एलैना हिंदी के कुछ शब्द और सरल वाक्य भी जानती हैं। इसमें उनके पिता रोहित जसवाल और दादी नर्वदा जसवाल की अहम भूमिका है।

बहुराष्ट्रीय कंपनी में तैनात पिता रोहित

रोहित जसवाल मनीला स्थित एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में वरिष्ठ निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। व्यस्त दिनचर्या के बावजूद उन्होंने बेटी के साथ बिताए जाने वाले कुछ मिनटों को संस्कृत और भारतीय संस्कारों की सीख से जोड़ दिया। 

दादी का सहयोग

उनकी इस पहल में दादी नर्वदा जसवाल का सहयोग भी निरंतर बना रहा है। इस उपलब्धि का चिंतपूर्णी क्षेत्र से विशेष जुड़ाव है। एलैना की दादी नर्वदा जसवाल वर्तमान में गिंडपुर मलौण पंचायत की चौथी बार प्रधान हैं और वह भी इस स्वागत समारोह में उपस्थित रहीं। 

ऐसे में मनीला में प्रधानमंत्री के सामने अपनी पोती को राम स्तुति सुनाते देखना उनके परिवार के लिए अविस्मरणीय अनुभव बन गया। सात समंदर पार एक नन्हीं बच्ची की आवाज में भारतीय संस्कृति की गूंज ने चिंतपूर्णी क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।