41 करोड़ से हो रहा सड़कों का सुधार
सदर विधानसभा क्षेत्र में 41 करोड़ की धनराशि से विभिन्न सड़कों का सुधार किया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, ऊना : सदर विधानसभा क्षेत्र में 41 करोड़ की धनराशि से विभिन्न सड़कों का सुधार किया जा रहा है। यह जानकारी राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने वीरवार को ग्राम पंचायत छतरपुर टाडा के भवन का शिलान्यास करने के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने बताया कि दो साल के भीतर 5.25 करोड़ की राशि से इस क्षेत्र की छह ग्राम पंचायतों सलोली, मजारा, मलूकरपुर, छतरपुर, वीनेवाल व अजौली की सड़कों को अपग्रेड करने पर खर्च की गई, जिनमें 70 लाख की राशि ग्राम पंचायत छतरपुर टाडा की सड़क पर व्यय की गई। 20 लाख राशि गलियों में पेवर वर्क व गंदे पानी की निकासी नालियों के निर्माण पर व्यय की जा रही है।
संतोषगढ़ में एक वर्ष में लगे 36 ट्रांसफॉर्मर
सत्ती ने कहा कि संतोषगढ़ में आजादी के बाद केवल 16 विद्युत ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए गए थे, जबकि वर्तमान सरकार ने एक वर्ष में संतोषगढ़ नगर परिषद में ही 36 नए विद्युत ट्रांसफॉर्मर स्थापित करके यहां की वोल्टेज की समस्या का निदान किया। वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा छतरपुर पंचायत में 4.56 करोड़ की राशि से 11 केवी विद्युत सब-स्टेशन स्थापित किया गया, जिससे इस क्षेत्र की कम वोल्टेज की समस्या हल हुई है। इसके अलावा इसी पंचायत के लिए 20 स्ट्रीट लाइटें भी स्वीकृत की गईं हैं।
इस अवसर पर उन्होंने पंचायत भवन परिसर में लिक टाइल स्थापित करने के लिए व्यय आकलन तैयार करने के निर्देश दिए तथा धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की।
इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष हरपाल सिंह गिल, स्थानीय पंचायत प्रधान दिलजीत कौर, उपप्रधान अनिल कुमार, वार्ड पंच जसवीर सिंह व राजा राम, जेई शिव कुमार, सचिव जसवीर सिंह, भाजपा कार्यकत्र्ता सुच्चा सिंह, अशोक कुमार, अवतार चंद, बलराम कुमार व चरणदास सहित क्षेत्र के गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।