तेंदुए की खाल बरामदगी मामले में दो और गिरफ्तार
देहरा पुलिस की ओर से दो युवकों को तेंदुए की दो खाल सहित गिरफ्तार करने के बाद पुलिस इस मामले में लगातार गिरफ्तारियां कर रही है।
संवाद सहयोगी, गगरेट : देहरा पुलिस की ओर से दो युवकों को तेंदुए की दो खाल सहित गिरफ्तार करने के बाद पुलिस इस मामले में लगातार गिरफ्तारियां कर रही है। बीते वीरवार को जिला ऊना से इस मामले में की गई तीसरी गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को दो और युवक जिला कांगड़ा के मझीण से गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने मझीण के डोडरु निवासी जयचंद और झज्झर निवासी देवराज को गिरफ्तार किया है। उससे पहले से गिरफ्तार दोनों आरोपित पुलिस रिमांड पर चल रहे हैं।
पुलिस को संदेह है कि यह किसी बड़े गिरोह का काम है और इस मामले में अभी और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पुलिस ने इस मामले में अभी तक कुल पांच लोग गिरफ्तार किए हैं और आरोपितों की निशानदेही पर तेंदुए की तीन खाल भी बरामद की गई हैं। सूत्रों के अनुसार ये लोग जंगल में जानवरों का शिकार करके उनकी खाल को हिमाचल से बाहर बेचते हैं। तेंदुए की खाल प्रतिबंधित होने के कारण यह बेहद ऊंचे दाम पर बिकती है। ये लोग पिछले लंबे समय से जंगली जानवरों की खाल की तस्करी कर रहे हैं। तेंदुए की खाल पर गोली लगने के निशान पाए जाने से यह बात और भी पुख्ता हो जाती है कि इन्हें मारकर इनकी खाल उतारकर उसे बेचने के लिए ले जाया जाता है। ये लोग हिमाचल से बाहर किसे खाल बेचते हैं और इस पूरे गिरोह का सरगना कौन है, इन सवालों के जवाब हासिल करने के लिए पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस पूरे गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया जाएगा।
------
पुलिस ने अब तक पांच लोग इस मामले में गिरफ्तार कर लिए हैं। अभी मामले की जांच जारी है। एक दो-दिन में पूरे मामले से पर्दा उठा दिया जाएगा।
-विमुक्त रंजन, एसपी कांगड़ा।