महंगाई के विरोध में एनएसयूआइ का प्रदर्शन
पेट्रो पदार्थो के बढ़ाए गए दाम के विरोध में एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं ने नगर पंचायत दौलतपुर चौक में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
संवाद सूत्र, दौलतपुर चौक : पेट्रो पदार्थो के बढ़ाए गए दाम के विरोध में एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं ने नगर पंचायत दौलतपुर चौक में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। अगुआई प्रदेश महासचिव रिशव कहौल ने की। विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने एक गाड़ी को रस्से से खींचा। बैलगाड़ी पर मोटरसाइकिल रखा था। प्रदर्शन में पूर्व विधायक राकेश कालिया भी शामिल हुए।
रिशव ने केंद्र सरकार पर हमला बोला। कहा पूरा देश कोरोना महामारी के कारण आर्थिक तंगी से गुजर रहा है। ऐसे में पेट्रोल व डीजल के बढ़ते दामों ने आम आदमी की कमर ही तोड़ दी है। साल, 2014 से पहले के वीडियो बयान दिखाते हुए सवाल किया कि अब क्यों प्रदर्शन नहीं कर रहे, क्यों छाती नहीं पीट रहे हैं। भाजपा को आम आदमी का ख्याल क्यों नहीं आ रहा।
राकेश कालिया ने कहा महंगाई और देश की सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार का रवैया ढुलमुल है। केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण डीजल पेट्रोल से महंगा हो गया। चीन के साथ चल रही तनातनी में भी सरकार जनता से तथ्य छिपाने का प्रयास कर रही है। अब नेपाल व भूटान भी भारत को आंख दिखाने लगे हैं।
---------------
प्रदर्शन में ये हुए शामिल
प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरिंद्र ठाकुर, प्रदेश सचिव युवा कांग्रेस इशान ओहरी, पूर्व यूथ अध्यक्ष गगरेट विजय ठाकुर, यूथ अध्यक्ष गगरेट अमन ठाकुर सहित एनएसयूआइ कार्यकर्ता पूर्व कैंपस अध्यक्ष अम्ब आशीष शर्मा, रजत चौधरी, अविनाश, रोहित, सौरव, अभिषेक, अनुभव, सौरव, नवजोत, मानिक, गुरविद्र, हनी, हिमांशु, राहुल, अभिषेक ठाकुर मौजूद रहे।