चुभने लगी फरवरी की धूप, आगामी माह में सूर्यदेव के और प्रचंड होने के आसार
पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष फरवरी में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में करीब दो से नौ डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आया है। सुबह की तेज धूप लोगों को चुभ रही है।
ऊना, जेएनएन। हिमाचल में पहाड़ों के तपने के बाद मैदानी इलाकों में मौसम में अचानक बदलाव आने लगा है। पिछले साल की तुलना में इस बार फरवरी में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में करीब दो से नौ डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आया है। इस वजह से जिला में सुबह खिली धूप अब लोगों को चुभने लगी है। पिछले वर्ष ठंडक भरा रहा फरवरी इस बार गर्मी महसूस करवा रहा है।
मौसम विभाग के आंकड़े भी इस बात को पुख्ता कर रहे हैं। अगर आगामी पखवाड़े में भी यही हाल रहा तो यकीनन ही जिला में दोपहर को पंखे चलाना पड़ जाएंगे। हालांकि मौसम के गर्म होने पर किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है ओर न ही इसका बुरा असर उनकी फसल पर होगा।
पिछले वर्ष से इस बार फरवरी में अधिकतम तापमान बढ़ते क्रम की ओर रहा है। इससे आगामी माह में सूर्यदेव के और प्रचंड दिखने के आसार हैं। जहां पिछले वर्ष बारिश ने ठंड को मार्च तक कायम रखा था, वहीं इस बार फरवरी में एक बूंद भी राहत भरी नहीं पड़ी है। स्थिति यह है कि अब लोग सुबह के बाद दोपहर में फुल बाजू शर्ट या टी शर्ट में नजर आने लगे हैं। यह मौसम बदलाव का जीता जागता प्रमाण है।
नहीं बरस रहे मेघ
आंकड़ों की बात करें तो वर्ष 2019 के दूसरे माह यानि फरवरी में इंद्र देव खूब मेहरबान थे। फरवरी के पहले पखवाड़े में पांच दिन ऐसे थे जिनमें बारिश हुई थी। पहले पखवाड़े में करीब 47 एमएम बारिश पड़ी थी। जो इन दिनों में हो रही गर्मी को दूर रखने के लिए काफी थी। अब ऐसा देखने को नहीं मिला है।
फरवरी में अब मौसम गर्म होता दिख रहा है। अगर इसे गर्मी की शुरुआत मान भी लिया तो किसानों के लिए डरने की बात नहीं है। इससे फसल को कोई नुकसान नहीं है। जमीन में काफी नमी है।
-डॉ सुरेश कपूर, कृषि उपनिदेशक, ऊना।
2019 में फरवरी के पहले 15 दिन का तापमान (डिग्री सेल्सियस)
तिथि न्यूनतम अधिकतम
एक फरवरी 7.6 16.2
दो फरवरी 3.8 21.8
तीन फरवरी 4.2 25.2
चार फरवरी 5 24.7
पांच फरवरी 8 21.5
छह फरवरी 7.8 22
सात फरवरी 8.2 13.2
आठ फरवरी 5.8 22.4
नौ फरवरी 3.3 21.8
10 फरवरी 4.4 21
11 फरवरी 7.5 24.3
12 फरवरी 8.6 22.6
13 फरवरी 8.3 24
14 फरवरी 10.2 20.4
15 फरवरी 10.5 18.6
2020 में फरवरी के पहले 15 दिन का तापमान (डिग्री सेल्सियस)
तिथि न्यूनतम अधिकतम
एक फरवरी 5.2 18.5
दो फरवरी 5 20.4
तीन फरवरी 3.6 22.6
चार फरवरी 3.4 19.2
पांच फरवरी 4.4 21.3
छह फरवरी 3.8 19.6
सात फरवरी 5.2 20.7
आठ फरवरी 4.2 22.2
नौ फरवरी 5.3 21.8
10 फरवरी 4.5 23
11 फरवरी 5.4 24
12 फरवरी 9.4 26
13 फरवरी 10.2 29
14 फरवरी 9.2 25.7
15 फरवरी 10 27.2