पूर्व भाजपा अध्यक्ष जयकिशन शर्मा का निधन
हिमाचल प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं हरोली क्षेत्र के पांच साल तक विधायक रहे पंडित जयकिशन शर्मा का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार को निधन हो गया।
जागरण संवाददाता, ऊना : हिमाचल प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं संतोषगढ़ (तब हरोली) हलके के पांच साल तक विधायक रहे पंडित जयकिशन शर्मा का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार को निधन हो गया। 78 वर्षीय जयकिशन हरोली गांव के रहने वाले थे। वह करीब दस साल पहले एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उसके बाद से व्हीलचेयर पर ही थे। उनके निधन से भाजपा को काफी झटका लगा है। मंगलवार सुबह जयकिशन शर्मा की अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जालंधर स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर गए थे, जहां पर उन्होंने अंतिम सांस ली।
सड़क हादसे के बाद इतने जुझारू नेता घर बैठने पर मजबूर हो गए थे। उस समय वह राष्ट्रीय भाजपा कार्यकारी परिषद के सदस्य थे। उनका अंतिम संस्कार बुधवार को पैतृक गांव हरोली में किया जाएगा।