अम्ब कॉलेज की छात्राओं की लड़ाई का वीडियो वायरल
कॉलेज की दो लड़कियों की लड़ाई का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
संवाद सहयोगी, अम्ब : जिला ऊना में कॉलेज की दो लड़कियों की क्लासरूम में हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। अब इस मामले का खुलासा हो गया है कि यह वीडियो महाराणा प्रताप कालेज अम्ब का है। इस बात की पुष्टि कॉलेज के प्राचार्य रमन कुमार ने कर दी है। फोन पर बातचीत के दौरान रमन कुमार ने माना कि लड़कियों की लड़ाई का यह वीडियो उनके कॉलेज का ही है। छात्राओं में मारपीट कॉलेज के क्लासरूम में ही हो रही है। इस वीडियो को कक्षा के ही किसी छात्र ने बनाया है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को कॉलेज में छुट्टी होने की वजह से मामले की जांच नहीं की हो सकी है। छात्राएं आपस में क्यों उलझ रही है, इसका पता बुधवार को किया जाएगा।
गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में कॉलेज के क्लासरूम में दो छात्राएं एक-दूसरे से न केवल गाली गलौच कर रही हैं, बल्कि थप्पड़ भी जड़ रही हैं। सोशल मीडिया में सोमवार से तीन वीडियो क्लिप अपलोड हुई हैं। इनमें एक क्लिप 52 सेकेंड की है। वहीं दूसरी क्लिप 26 सेकेंड और तीसरी 21 सेकेंड की है। वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने टिक-टॉक पर इसे अलग रूप के साथ एडिट कर मनोरंजन का भी साधन बनाया है।