जनता भाजपा को प्यार से दिखाएगी बाहर का रास्ता
दी से राफेल मुददे को लेकर जवाब मांगा था लेकिन मोदी संसद में डेढ़ घंटे तक भाषण देते रहे जिसमें इस मसले पर बहस तो दूर बात भी नहीं की।
जागरण संवाददाता, ऊना : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में प्रदेश की जनता प्यार से भाजपा को बाहर का रास्ता दिखाएगी। उन्होंने प्रदेश के विकास का श्रेय वीरभद्र सिंह को दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश का अगर किसी ने चिंतन किया है तो वह सिर्फ वीरभद्र सिंह हैं।
देश की जनता मोदी से अच्छे दिनों पर स्पष्टीकरण चाहती है। ऊना के समीप झलेड़ा पुलिस लाइन में चुनावी सभा के दौरान कहा कि पांच साल में व्यापारियों और आम जनता ने बुरे दिन देखे हैं। अच्छे दिनों का सपना दिखाने वाले मोदी ने चोरों के हाथों देश का खजाना लुटाया है। देश के व्यापारियों का क्या कसूर था जो उन पर जीएसटी का बोझ लाद दिया गया। दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने की बात की जाती थी, लेकिन आंकडे़ देने में भी अब मोदी सरकार को शर्म आ रही है।
राहुल गांधी ने कहा कि संसद में उन्होंने प्रधानमंत्री से राफेल मुद्दे को लेकर जवाब मांगा था, लेकिन मोदी डेढ़ घंटे तक भाषण देते रहे जिसमें इस मसले पर बहस तो दूर बात भी नहीं की। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की जनता भी कभी भाजपा को माफ करने वाली नहीं है। आज चौकीदार चोर है का नारा वह नहीं दे रहे बल्कि आम जनता बोल रही है। देश की शक्ति जनता है और उसकी आवाज मोदी सरकार ने नहीं सुनी है। पूरे देश में बदलाव की लहर है। प्रदेश के विकास के लिए 65 हजार करोड़ की घोषणा की गई थी, लेकिन मालूम पड़ा है कि इसमें एक पैसा तक नहीं भेजा गया। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल भी सभा में मौजूद थीं, लेकिन उनको मंच पर समय नहीं मिल सका।