सोलन में क्षतिग्रस्त पुल से ट्रक गिरा, दो की मौत
Two died in Truck accidet सुबाथू के साथ लगते गंबर खड्ड में पुल से ट्रक गिर गया हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।
सुबाथू/सोलन, जेएनएन। सुबाथू के साथ लगते गंबर खड्ड ने होली के दिन खून की होली खेलकर दो परिवारों के चिराग बुझा दिए। वीरवार सुबह करीब 11 बजे आटे व बेसन से भरा एक ट्रक जेके02 बीडब्लू-2433 गंबरपुल की उतराई में अनियंत्रण होकर करीब 100 फुट नीचे नदी में गिर गया। हादसे में दो व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने चालक के लाइसेंस के अनुसार चालक की पहचान पंजाब के गुरदासपुर निवासी 49 वर्षीय सुखवंत सिंह के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान अभी नही हो पाई है।
पुलिस ने बताया इस ट्रक में सुबाथू से एक व्यक्ति भी सवार हुआ था, जो दो किलोमीटर पीछे ही उतर गया। जिसने ट्रक में दो व्यक्ति होने की पुष्टि की है। हलांकि नदी में ट्रक गिरने की आवाज सुनते ही गांववासियों ने होली का त्योहार छोड़कर लोगों को निकालने का कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मदद से ही दोनों लोगों को नदी से निकाला गया। लेकिन दोनों की मौत हो चुकी थी।
थाना प्रभारी धर्मपुर दयाराम ठाकुर ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। पुल की खस्ता हालत पर उच्चाधिकारियों के माध्यम से लोनिवि से पत्राचार किया जाएगा।