विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 29, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

चंडीगढ़-शिमला हाईवे पर लैंडस्लाइड, चपेट में आई अखबार वाली गाड़ी; एक की मौत व तीन घायल

Published: Mon, 29 Jul 2024 09:35 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश (Himachal News) के सोलन जिले में बारिश के बाद पहली लैंडस्लाइड की वजह से हादसा हो गया है। ...और पढ़ें

चंडीगढ़-शिमला फोरलेन पर आई लव हिमाचल पार्क के पास लैंडस्लाइड
चंडीगढ़-शिमला फोरलेन पर आई लव हिमाचल पार्क के पास लैंडस्लाइड

HighLights

  1. बारिश के बाद हिमाचल में भूस्खलन का पहला मामला
  2. अखबार ले जाने वाली गाड़ी आई चपेट में
  3. हादसे में एक की मौत तीन घायल

संवाद सहयोगी, सोलन। चंडीगढ़-शिमला फोरलेन पर आई लव हिमाचल पार्क के नजदीक अचानक हुए भूस्खलन से अखबार ले जा रही गाड़ी उसकी चपेट में आ गई, जिससे उसमें सवार एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई जबकि तीन घायल हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुखविंदर नाम के एक व्यक्ति ने सुबह करीब 3:17 पर पुलिस थाना परवाणू को सूचना दी कि आई लव हिमाचल पार्क के नजदीक एक गाड़ी पर पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक व्यक्ति की मौके पर मौत जबकि तीन अन्य घायल हो गए हैं।

घायलों को ईएसआई परवाणू ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर आगामी कार्यवाही अमल में लाई गई।

पत्थरों की चपेट में आई बोलेरो कैंपर

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 2:30 बजे पुलिस थाना परवाणू के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 05 पर आई लव हिमाचल पार्क के पास पंजाब नंबर की बोलेरो कैंपर नंबर पीबी 08सीपी-9686 गाड़ी अचानक पहाड़ी से गिरे बहुत सारे पत्थरों की चपेट में आ गई।

यह बोलेरो कैंपर अखबार लेकर जालंधर से शिमला को जा रही थी, जिसमें कई लोग सवार थे। गाड़ी पर पत्थर गिरने से देवराज नाम के व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन घायल हैं जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घायलों की पहचान 40 वर्षीय ड्राइवर कुलदीप सिंह पुत्र हरभजन सिंह निवसारी गढ़शंकर जिला होशियारपुर, 23 वर्षीय भावुक पुत्र चमन लाल निवासी ईएम 138 रास्ता मोहल्ला जालंधर सिटी पंजाब और 43 वर्षीय वंदना सोंधी पत्नी चमन लाल निवासी ईएम 138 रास्ता मोहल्ला जालंधर सिटी पंजाब के रूप में हुई है।

बारिश के बाद भूस्खलन का पहला मामला

डीएसपी परवाणू प्रणव चौहान ने इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि गाड़ी पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आ गई, जिससे एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन घायल ईएसआई में उपचाराधीन है। मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु कर दिया गया है।

गौरतलब है कि बारिश के बाद फोरलेन पर भूस्खलन का यह पहला मामला है। अभी बारिश ने रफ्तार नहीं पकड़ी है। लेकिन फिर भी पहाड़ से पत्थर गिरने शुरू हो गए हैं।

यह भी पढ़ें: Himachal Weather: लाहौल-स्पीति और मनाली में बाढ़, 34 घर खाली करवाए; आज भी भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी