सोलन में तेंदुए से भिड़ गया युवक, लंबी जद्दोजहद के बाद मार गिराया खूंखार; आखिर कैसे किया मुकाबला?
सोलन के अर्की उपमंडल के सरली गांव में प्रवेश शर्मा नामक युवक पर तेंदुए ने हमला कर दिया। दूध देने ...और पढ़ें

तेंदुए के हमले में घायल युवक अस्पताल में उपचाराधीन।
HighLights
सोलन के युवक ने तेंदुए से बहादुरी से संघर्ष किया।
आत्मरक्षा में युवक ने खूंखार तेंदुए को मार गिराया।
वन विभाग को पहले भी तेंदुए की सूचना दी गई थी।
संवाद सहयोगी, अर्की (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में तेंदुए ने एक युवक पर हमला कर दिया। बहादुर युवक जान बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गया और उसे जान से मार दिया। अर्की उपमंडल के सरली गांव में सोमवार सुबह करीब 7 बजे यह घटना हुई। युवक ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए तेंदुए का मुकाबला किया, जिसमें तेंदुए की मौत हो गई, जबकि युवक को शरीर पर कई जगह खरोंचे आई हैं।
दूध देने जा रहा था युवक
प्रवेश शर्मा, पुत्र बालक राम शर्मा, निवासी गांव सरली, सुबह अपने खेतों के रास्ते दूध देने जा रहा था। इसी दौरान खेतों में घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उस पर अचानक हमला कर दिया और उसे गिरा दिया। प्रवेश शर्मा ने हिम्मत नहीं हारी और करीब 10-12 मिनट तक तेंदुए से संघर्ष करता रहा।
कैसे किया मुकाबला
युवक ने बताया कि जैसे ही तेंदुए ने दोबारा हमला किया, उसने उसके जबड़े पकड़ लिए और जोरदार संघर्ष के दौरान तेंदुआ काबू में आया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस दौरान युवक को शरीर पर कई जगह खरोंचें आईं, हालांकि वह गंभीर रूप से घायल नहीं है।
परिवार ने अस्पताल पहुंचाया युवक
हमले के बाद परिवार के सदस्य युवक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल अर्की ले आए, जहां उसका इलाज चल रहा है। प्रवेश शर्मा अर्की औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में इलेक्ट्रिशियन ट्रेड के द्वितीय वर्ष का छात्र है।
पहले भी दिखा था तेंदुआ पर विभाग ने नहीं की कार्रवाई
युवक के चाचा श्याम लाल ने बताया कि छह मार्च को भी क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधि देखी गई थी और इस बारे में वन विभाग को सूचित कर पिंजरा लगाने की मांग की गई थी। उन्होंने बताया कि उसी दिन सुबह करीब 7:30 बजे एक स्कूटी सवार पर भी तेंदुए ने हमला करने का प्रयास किया था, जिसके चलते वह अपनी स्कूटी छोड़कर भाग गया था।
क्या कहते हैं वन अधिकारी
वन मंडलाधिकारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि विभाग की ओर से घायल युवक को फौरी राहत के तौर पर 5 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान कर दी गई है। साथ ही विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रहे हैं।
युवक के साहस की हो रही प्रशंसा
घटना के बाद क्षेत्र में युवक के साहस की लोगों द्वारा प्रशंसा की जा रही है। सूचना मिलते ही औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अर्की के शिक्षकों सहित छात्रों ने भी अर्की अस्पताल पहुंच कर उसका कुशलक्षेम जाना तथा प्रवेश की बहादुरी की प्रशंसा की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।