सोलन में शराब खरीदने को लेकर ठेके पर विवाद, सेल्समैन पर बेलचे से हमला; हिरासत में दो युवक
सोलन में शराब खरीदने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों ने ठेके के सेल्समैन पर बेलचे से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
-1788518986832_m.webp)
शराब खरीदने को लेकर ठेके पर विवाद, सेल्समैन पर बेलचे से हमला।
HighLights
सोलन में शराब खरीदने को लेकर विवाद हुआ
दो युवकों ने सेल्समैन पर बेलचे से हमला किया
गंभीर घायल सेल्समैन पीजीआई चंडीगढ़ रेफर, दो हिरासत में
जागरण संवाददाता, सोलन। शराब खरीदने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों ने वीरवार देर रात ओल्ड डीसी ऑफिस चौक स्थित शराब के ठेके के सेल्समैन पर बेलचे से हमला कर दिया।
हमले में सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया है। दोनों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जा रहा है।
एएसपी सोलन रमेश शर्मा ने बताया कि पंकज ओल्ड डीसी ऑफिस चौक स्थित शराब के ठेके पर सेल्समैन के तौर पर कार्यरत है। प्रारंभिक जांच के अनुसार अभिषेक और पंकज नामक दो युवक शराब खरीदने के लिए ठेके पर पहुंचे थे।
इसी दौरान किसी बात को लेकर उनकी सेल्समैन के साथ बहसबाजी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों युवकों ने कथित तौर पर बेलचे से सेल्समैन पर हमला कर दिया। हमले में सेल्समैन को गंभीर चोटें आईं।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। शुक्रवार दोपहर पुलिस और मेडिकल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए दोनों युवक सिरमौर जिले के हरिपुरधार क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में विवाद का कारण शराब खरीदने को लेकर हुई बहसबाजी सामने आया है। हालांकि, हमले की पूरी वजह और घटनाक्रम को लेकर पुलिस जांच जारी है। आरोपितों को अदालत में पेश करने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
