प्रदेश में जल्द खुलेगा संस्कृत विश्वविद्यालय
शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश में जल्द संस्कृत विश्वविद्यालय खोला जाएगा।
जागरण संवाददाता, सोलन : शिक्षा, संसदीय मामले एवं विधि मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश में जल्द संस्कृत विश्वविद्यालय खोला जाएगा। इसके लिए उच्चतर शिक्षा निदेशक की अध्यक्षता में एक समिति गठित की है। यह समिति विवि की स्थापना के लिए औपचारिकताएं पूरी करेगी और उपयुक्त भूमि का चयन करेगी। संस्कृत को द्वितीय भाषा का दर्जा प्रदान किया जाएगा। प्रारूप तैयार कर लिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जल्द इसकी घोषणा करेंगे। सुरेश भारद्वाज सोलन में संस्कृत भारती के प्रांत सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, प्रदेश सरकार ने भाजपा के दृष्टिपत्र को नीतिगत दस्तावेज के रूप में अपनाया है। दृष्टिपत्र में प्रदेश में संस्कृत विश्वविद्यालय स्थापित करने का वादा किया था। शिक्षा मंत्री ने कहा, संस्कृत की पुनस्र्थापना के लिए संस्कृत को प्रदेश में द्वितीय भाषा का दर्जा दिया जाएगा। प्रदेश सरकार विधायकों के लिए संस्कृत में शपथ लेने के लिए नियमों में परिवर्तन करेगी। नियम परिवर्तन के बाद विधायक विधानसभा में संस्कृत में शपथ ले सकेंगे। सरकार हिमाचल प्रदेश संस्कृत अकादमी की कार्यप्रणाली को भी सुधारेगी।
इस अवसर पर उन्होंने संस्कृत भारती को 51 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की। संस्कृत भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. भक्त वत्सल शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा संस्कृत भारती की गतिविधियों की जानकारी दी। सास्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रात प्रचारक संजीवन, अर्की के पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा, प्रदेश भाजपा चुनाव प्रकोष्ठ के संयोजक एचएन कश्यप, डॉ. राजेश कश्यप, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा डॉ. चंदेश्वर शर्मा आदि मौजूद रहे।