बालद नदी किनारे एक लाख लोगों ने दिया सूर्य को अर्घ्य
बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) में छठ पूजा पर्व धूमधाम से मनाया।
संवाद सूत्र, नालागढ़ : बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) में छठ पूजा पर्व धूमधाम से मनाया। बालद व सरसा नदी के किनारे नवनिर्मित घाट पर लोगों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर पर्व की परंपरा को निभाया। यहां करीब एक लाख से अधिक लोग जुटे। बुधवार सुबह सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे बाद लोग जल व अन्न ग्रहण करेंगे।
पूर्वाचल जन कल्याण समिति की ओर इस मौके पर रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलाकार राजा भोज पुरिया, साक्षी राज, शेखर दुबे, संजीव सिंह व आकाश मिश्रा ने भोजपुरी गीत पेश कर वाहवाही लूटी। इससे पूर्व मंगलवार शाम चार बजे सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल, सांसद वीरेंद्र कश्यप, कालका की विधायक लतिका शर्मा, जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सिंह सैणी, दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी, औद्योगिक विकास प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी कौशल ने बालद नदी के किनारे बने 47 लाख की लागत से घाट का शुभारंभ किया। इस मौके पर पूर्वाचल जन कल्याण समिति केअध्यक्ष सत्या पांडे, परमहंस द्विवेदी, पिंटू सिंह, रामजी तिवारी, अमरेद्र वर्मा, राजू वर्मा, अरुण वर्मा आदि ने भी सूर्य को अर्घ्य दिया।
----------
बालद नदी किनारे बनेगा सूर्य मंदिर
जागरण संवाददाता, सोलन : मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने नालागढ़ में हरियाणा-हिमाचल की सीमा पर आयोजित छठ पूजा कार्यक्रम से पूर्व बालद नदी के समीप सूर्य मंदिर की आधारशिला भी रखी। इस मंदिर का निर्माण जनसहयोग से किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि छठ पूजा विशेष रूप से पूर्वाचल राज्यों का त्योहार है। पूर्वाचल के लोगों ने अपनी कर्मठता के बल पर विशेष पहचान बनाई है। पूर्वाचल के लोग हिमाचल सहित पूरे भारत में मेहनत कर न केवल जीवनयापन कर रहे हैं, बल्कि राज्य विशेष की आर्थिकी में भी सकारात्मक योगदान दे रहे हैं। सासद प्रो. वीरेंद्र कश्यप ने सभी को छठ पूजा की शुभकामना दी।