बद्दी में होगा 70 फीट ऊंचे रावण का दहन
औद्योगिक नगर बद्दी के वार्ड दो में दशहरा उत्सव की तैयारिया शुरू
संवाद सहयोगी, बद्दी : औद्योगिक नगर बद्दी के वार्ड दो में दशहरा उत्सव की तैयारिया शुरू हो गई हैं। इस बार भी मेरठ से आए कारीगर एक महीने से पुतले बनाने में जुटे है। यहा पर बीबीएन का सबसे बड़ा दशहरा उत्सव मनाया जाएगा, जिसमें 70 फीट ऊंचे रावण, कुंभकरण व मेघनाद के पुतले का दहन खेल मैदान में किया जाएगा। दशहरा कमेटी बद्दी के प्रधान संजीव कौशल ने बताया कि 19 अक्टूबर को दशहरा मेला आयोजित होगा। इस दिन बच्चों व महिलाओं की विभिन्न खेलों का आयोजन होगा और शाम को तीनों पुतलों का दहन किया जाएगा। बच्चों की फेंसी ड्रेस प्रतियोगिता व डांस भी होगा। महिलाओं के लिए म्यूजिक चेयर रेस व मेहंदी लगाओ प्रतियोगिता होगी। इसके अलावा मनोरंजन के लिए ऊंट की सवारी, मिक्की माउस आदि का प्रबंध होगा। कौशल ने बताया कि विजेता, उपविजेताओं को नकद इनाम व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन के लिए एक बैठक का भी आयोजन किया। इसमें मोनू कौशल, मान सिंह मैहता, अजय कौशल, दीपू पंडित, महेश कुमार, लव कौशल आदि मौजूद रहे।