कसौली में राम बारात तो सोलन में हुआ ताड़का वध
सोलन में आयोजित रामलीला में राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघन के आंगन में खेलते हुए देखकर दशरथ व तीनों रानियों का वृतांत दिखाया गया।
संवाद सहयोगी, सोलन : सोलन के गंज बाजार में आयोजित रामलीला के तीसरे दिन के संवादों में राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघन के आंगन में खेलते हुए देखकर दशरथ व तीनों रानियों के खुश होने का वृतांत दिखाया गया। इस दौरान जंगल में विश्वामित्र के यज्ञ में राक्षसों व ताड़का वध का भी वृतांत दर्शकों को दिखाया गया।
मर्यादा पुरुषोत्तम राम के जीवन के आदर्शो को भी चित्रित किया गया। बालकृष्ण लीला संस्थान के कलाकारों ने बेहतरीन अंदाज में रामलीला के मंचन से रामायण के हर किरदार को देखने में दर्शक आनंद ले रहे हैं। इस दौरान भूषण गुप्ता व सुरेंद्र मरवाह विशेष अतिथि रहे। वहीं शिक्षाविद डॉ. चंद्रेशवर शर्मा को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान निर्देशक हरीश मारवाह, प्रधान मुकेश गुप्ता, उपप्रधान दीपक शर्मा, कोषाध्यक्ष जगमोहन खन्ना, महासचिव धर्मेद्र ठाकुर आदि मौजूद रहे।
वहीं कसौली में आयोजित रामलीला मंचन में स्थानीय कलाकार ही रामायण के किरदारों को पर्दे पर चित्रित कर रहे हैं। रामलीला मंडल कसौली के प्रधान कृष्णमूर्ति अग्रवाल ने बताया कि राम बरात का आयोजन किया गया इसमें आढ़त बाजार से हेरिटेज मार्केट तक बरात निकाली गई। इस दौरान रामलीला मंडल कसौली के प्रधान कृष्णमूर्ति अग्रवाल, उपप्रधान रमेश जैन, महासचिव विजय कुमार शर्मा, निदेशक शिव कुमार गुप्ता व मंच संचालक धर्मसिंह सकलानी व रवि ठाकुर आदि मौजूद रहे।