मिनी सचिवालय में पुलिस के खिलाफ किया प्रदर्शन
मिनी सचिवालय परिसर नालागढ़ में बुधवार को सैंकड़ों लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
संवाद सूत्र, नालागढ़ : मिनी सचिवालय परिसर नालागढ़ में बुधवार को सैकड़ों लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। 14 फरवरी को नालागढ़-रामशहर मार्ग पर टावर की प्लेट चोरी मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपितों के पक्ष में प्रीत नगर कॉलोनी के सैकड़ों लोगों ने एसडीएम कार्यालय सभागार में धरना प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने जिन युवकों को गिरफ्तार किया है वह सभी बेकसूर हैं। धरने में शामिल महिलाओं ने मिनी सचिवालय परिसर में चारपाई लगाकर धरना प्रदर्शन किया और गिरफ्तार किए युवकों को छोड़ने की मांग की। प्रीतनगर कॉलोनी के पास पहाड़ी पर बिजली के 220 केवी डबल सर्किट टावर से प्लेटों व नट बोल्ट चोरी होने का मामला सामने आया था, जिसमें एक टावर गिरने से बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ में बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों सहित एक स्क्रैप डीलर को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस की कार्रवाई पर स्थानीय लोगों ने कहा कि जिन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है वह बेकसूर हैं। चोरी के मामले में गुरचरण, साजन, नारायण व स्क्रैप डीलर तरसेम लाल को गिरफ्तार किया है।