Move to Jagran APP

पूनम ग्रोवर बनीं सोलन नगर निगम की पहली महापौर

पूनम ग्रोवर नगर निगम सोलन की पहली महापौर चुनी गई हैं।

By JagranEdited By: Published: Fri, 16 Apr 2021 07:38 PM (IST)Updated: Fri, 16 Apr 2021 07:38 PM (IST)
पूनम ग्रोवर बनीं सोलन नगर निगम की पहली महापौर
पूनम ग्रोवर बनीं सोलन नगर निगम की पहली महापौर

संवाद सहयोगी, सोलन : पूनम ग्रोवर नगर निगम सोलन की पहली महापौर चुनी गई हैं। वहीं, राजीव कौड़ा उपमहापौर चुने गए हैं। नगर निगम सोलन में शुक्रवार को महापौर व उपमहापौर चुनने के लिए बैठक हुई। बैठक में सभी पार्षदों ने भाग लिया। इनमें कांग्रेस के नौ, भाजपा के सात व एक निर्दलीय पार्षद ने भाग लिया। दोनों पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अनुराग चंद्र शर्मा की अध्यक्षता में हुई।

loksabha election banner

कांग्रेस से महापौर पद के लिए वार्ड आठ से पार्षद व नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष रहीं पूनम ग्रोवर, जबकि उपमहापौर के लिए वार्ड 14 से पार्षद राजीव कौड़ा ने नामांकन भरा। वहीं, भाजपा ने भी दोनों पदों के लिए उम्मीदवार उतारे। इनमें महापौर पद के लिए वार्ड एक से निर्दलीय जीते व भाजपा से निष्कासित मनीष सोपाल, जबकि उपमहापौर के लिए वार्ड नौ से पार्षद शैलेंद्र गुप्ता ने नामांकन भरा। पूनम ग्रोवर को नौ व मनीष को आठ मत मिले। उपमहापौर पद के लिए कांग्रेस के पार्षद राजीव कौड़ा को नौ व भाजपा पार्षद शैलेंद्र गुप्ता को आठ मत पड़े। इससे पहले अनुराग चंद्र शर्मा ने आठ पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। भाजपा के सात और एक निर्दलीय पार्षद पूर्व में निर्धारित शपथ ग्रहण समारोह में नहीं पहुंचे थे।

--------

कांग्रेस को मिले जनमत को तोड़ने में लगी रही भाजपा : राठौर

सोलन नगर निगम पर कब्जा करने के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने सोलन में पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को जहां भी जनमत मिला भाजपा उसको तोड़ने का काम करती है। सोलन नगर निगम में भी भाजपा नेताओं ने सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया और जब जनमत नहीं मिला तो कांग्रेस के पार्षदों को तोड़ने का काम करने में जुट गए। ाठौर ने दावा किया कि उनके पार्षदों को लाखों रुपये ऑफर किए गए। प्रदेश सरकार को समझना चाहिए कि लोगों ने महंगाई, डीजल, पेट्रोल व बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ वोट किया है। वहीं, कांग्रेस के चुनाव प्रभारी राजेंद्र राणा ने कहा कि भाजपा ने जनादेश के खिलाफ काम करते हुए हमारे पार्षदों को तोड़ने का प्रयास किया। इस मौके पर चुनाव सह प्रभारी हर्षवर्धन चौहान, विधायक डा. कर्नल धनीराम शांडिल, केवल सिहं पठानिया, सुरेंद्र सेठी, रामकुमार चौधरी, शिव कुमार ठाकुर, कुशल जेठी, राहुल ठाकुर, अमन सेठी, रोहित शर्मा, संजय अवस्थी आदि मौजूद रहे।

--------

चिड़गांव नगर पंचायत में कांग्रेस ने किया कब्जा

संवाद सूत्र, रोहड़ू : जिला शिमला के तहत नगर पंचायत चिड़गांव में सरला मेहता को अध्यक्ष व प्रमोद को उपाध्यक्ष चुना गया है। नगर पंचायत में सात सदस्यों में से छह कांग्रेस समर्थित हैं। लंबी खींचतान के बाद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित सदस्य काबिज हुए हैं।

-------

नेरवा में भाजपा का दबदबा

संवाद सूत्र, नेरवा : पहली बार अस्तित्व में आई नगर पंचायत नेरवा में भाजपा ने कांग्रेस के मंसूबों पर पानी फेरते हुए अपना कब्जा जमा लिया है। हालांकि एक समय भाजपा बैकफुट पर थी। शुक्रवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस से भाजपा के पाले में आई बबिता तंगड़ाईक को अध्यक्ष और रुचि जिंटा को उपाध्यक्ष चुना गया। इन दोनों की ताजपोशी निर्विरोध की गई।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.